Linkedin पर भी आ रहा है फेसबुक, इंस्टाग्राम जैसा स्टोरीज फीचर

विस्तार
अभी तक आप फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप में ही स्टोरीज फीचर का इस्तेमाल कर रहे हैं लेकिन जल्द ही आपको लिंकडिन पर भी स्टोरीज फीचर मिलने वाला है। कंपनी ने आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि करते हुए कहा है कि लिंकडिन स्टोरीज की फिलहाल टेस्टिंग चल रही है और जल्द ही इसे जारी किया जाएगा, हालांकि कंपनी ने इसके लिए कोई तारीख नहीं बताई है। बता दें कि स्टोरीज सबसे पहले स्नैपचैट पर आया था। उसके बाद फेसबुक और इंस्टाग्राम ने इसे कॉपी किया।
स्टोरीज फीचर को लेकर लिंकडिन ने अपने एक बयान में कहा, 'प्रोफेशनल लाइफ में स्टोरीज को लेकर हमने काफी अनुभव किया है। स्टोरीज के जरिए किसी स्पेशल मोमेंट को शेयर करना काफी सुविधाजनक और प्रभावी है।' हालांकि यह पहला मौका नहीं है जब लिंकडिन स्टोरीज पर काम कर रही है।
इससे पहले 2018 में भी कंपनी ने स्टोरीज फीचर को ट्राई किया था लेकिन उस समय यह फीचर केवल यूनिवर्सिटी के लिए छात्रों के लिए ही थी। उस दौरान कंपनी ने स्टोरीज फीचर को'Student Voices' नाम दिया था जो कि सिर्फ अमेरिकी छात्रों के लिए था।
बता दें कि हाल ही में लिंकडिन के सीईओ जेफ विनर (Jeff Weiner) ने अपना पद छोड़ने की घोषणा की है। विनर की जगह प्रोडक्ट के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट Ryan Roslansky लेंगे। विनर ने इस्तीफे की जानकारी अपने एक पोस्ट में दी थी।