Instagram पर बिक रही हैं इंसानी खोपड़ियां, 70 लाख का हुआ कारोबार

सोशल मीडिया एक ऐसा प्लेटफॉर्म है जहां आप अनजान लोगों से दोस्ती करते हैं और अपनी बातों को दुनिया के सामने रखते हैं, लेकिन सोशल मीडिया का इस्तेमाल अब बिजनेस के लिए होने लगा है। हालात ये हो गए हैं कि फेसबुक के स्वामित्व वाले फोटो शेयरिंग एप इंस्टाग्राम पर इंसानी खोपड़ियां बेची जा रही हैं और ध्यान देने वाली बात यह है कि लोग इंसानी खोपड़ियां खरीद भी रहे हैं। आइए जानते हैं पूरा मामला...
मेडिकल साइंस में हो रहा है इस्तेमाल

इंस्टाग्राम पर इंसानी खोपड़ी बेचने का कारोबार ब्रिटेन में तेजी से चल रहा है। ब्रिटेन की न्यूज वेबसाइट द सन के मुताबिक इन इंसानी खोपड़ियों की खरीदारी रिसर्च और मेडिकल साइंस के लिए की जा रही है। खोपड़ी के अलावा हड्डियों को भी बेचा जा रहा है।
इंसानी हड्डियों और खोपड़ी की खरीद-बिक्री पर नहीं है रोक

बता दें कि ब्रिटेन में इंसानी शरीर की हड्डियों और खोपड़ियों की खरीद-बिक्री पर कोई पाबंदी नहीं है, इसलिए इंस्टाग्राम पर यह कारोबार तेजी से आगे बढ़ रहा है। इंस्टाग्राम पर प्रोफाइल चेक करने के बाद खरीदार बेचने वाले को मैसेज करता है और इसके बाद इसकी डील होती है और डिलिवरी चार्ज के साथ खोपड़ी की डिलिवरी की जाती है।
70 लाख सालाना तक पहुंचा खोपड़ी बेचने का कारोबार

कुछ मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो ब्रिटेन में ऑनलाइन इंसानी खोपड़ी बेचने का कारोबार काफी तेजी से बढ़ रहा है और पिछले दो सालों में इसमें काफी वृद्धि हुई है। स्टॉकहॉम यूनिवर्सिटी द्वारा 2017 में जारी एक रिपोर्ट में दावा किया था कि यह बिजनेस करीब 40 लाख रुपये का हो गया है, जबकि अब नई रिपोर्ट की मानें तो यह बाजार 70 लाख रुपये का हो गया है।