Google: I/O इवेंट से पहले खुलेगा गूगल का पिटारा! Android 17, Gemini AI और नए डिवाइस अपडेट्स की मिलेगी झलक
The Android Show:
गूगल अपने सालाना I/O 2026 से पहले 12 मई को 'द एंड्रॉयड शो' आयोजित करेगा। इस इवेंट में Android 17, Gemini AI और नए डिवाइस एक्सपीरियंस से जुड़े बड़े अपडेट्स की झलक मिल सकती है, जो यूजर्स और डेवलपर्स दोनों के लिए अहम होंगे।

विस्तार
अगर आप एक एंड्रॉइड यूजर हैं या तकनीक की दुनिया की हर बड़ी हलचल पर नजर रखते हैं, तो मई का महीना आपके लिए बेहद खास होने वाला है। टेक दिग्गज कंपनी गूगल अपने बहुप्रतीक्षित सालाना डेवलपर सम्मेलन 'Google I/O 2026' से ठीक पहले 'द एंड्रॉइड शो- आई/ओ एडिशन' (The Android Show- I/O Edition) नाम का एक खास इवेंट आयोजित करने जा रही है।
गूगल ने आधिकारिक तौर पर इस बात की पुष्टि कर दी है कि यह खास शो 12 मई को होगा, जबकि मुख्य 'आई/ओ' इवेंट इसके एक हफ्ते बाद 19 मई से शुरू होगा। यह इवेंट भारतीय समयानुसार रात 11:30 बजे (PT के अनुसार सुबह 10 बजे) ऑनलाइन स्ट्रीम किया जाएगा। इस शो में गूगल अपने हार्डवेयर, एंड्रॉइड फोन्स, स्मार्ट ग्लासेस और डेस्कटॉप के लिए तैयार किए जा रहे एक बिल्कुल नए एंड्रॉइड प्लेटफॉर्म के बारे में बड़ी घोषणाएं कर सकता है।
क्या है गूगल की नई रणनीति?
गूगल पिछले साल से एक नई रणनीति पर काम कर रहा है, जिसे वह इस साल भी दोहरा रहा है। कंपनी अपनी बड़ी घोषणाओं को दो हिस्सों में बांट रही है। 12 मई को होने वाले 'द एंड्रॉइड शो' में मुख्य रूप से उन चीजों पर फोकस होगा, जिनका सीधा नाता आम ग्राहकों (यूजर्स) से है— जैसे नए फीचर्स, एआई के अपडेट्स और नए डिवाइसेस का अनुभव। वहीं, 19 मई से शुरू होने वाले 'Google I/O' इवेंट में पर्दे के पीछे की तकनीकी बातों और डेवलपर्स (कोडिंग करने वालों) से जुड़े मुद्दों पर गहराई से चर्चा की जाएगी।
क्या-क्या हो सकता है 'द एंड्रॉइड शो 2026' में खास?
1. एंड्रॉइड 17 की पहली झलक
इस इवेंट का सबसे बड़ा आकर्षण एंड्रॉइड 17 होने वाला है। इसका बीटा 4 वर्जन हाल ही में कुछ पिक्सल (Pixel) डिवाइसेस के लिए जारी किया गया था। इस बार गूगल का फोकस फोन के लुक को बदलने से ज्यादा, उसे इस्तेमाल करने में आसान बनाने पर है। इसमें आपको स्क्रीन रिकॉर्डिंग के लिए एक नया टूलबार मिलेगा जिससे आप पूरी स्क्रीन के बजाय सिर्फ एक खास ऐप को रिकॉर्ड कर सकेंगे। इसके अलावा, बड़े स्क्रीन वाले डिवाइसेस (जैसे टैबलेट) पर काम करना ज्यादा आसान और डेस्कटॉप जैसा अनुभव देने वाला होगा।
2. लैपटॉप और कंप्यूटर के लिए नया 'एल्युमिनियम ओएस'
स्मार्टफोन के अलावा, गूगल अब डेस्कटॉप की दुनिया में भी बड़ा धमाका करने की तैयारी में है। कंपनी एक ऐसे नए सिस्टम पर काम कर रही है जो 'क्रोम ओएस' और 'एंड्रॉइड' को मिलाकर एक कर देगा। इसे अंदरूनी तौर पर 'Aluminium OS' का नाम दिया गया है। इसका मतलब है कि भविष्य में लैपटॉप और टैबलेट पर आपको बिल्कुल एंड्रॉइड जैसा अनुभव मिलेगा, जिसमें जेमिनी (Gemini) एआई का भी गहरा सपोर्ट होगा।
3. भविष्य के एआई स्मार्ट ग्लासेस (XR)
एक्सटेंडेड रियलिटी (XR) के क्षेत्र में गूगल लंबे समय से काम कर रहा है। पिछले साल दिसंबर में कंपनी ने अपने एआई पावर्ड स्मार्ट चश्मों की झलक दिखाई थी और वॉर्बी पार्कर (Warby Parker) जैसी कंपनियों के साथ पार्टनरशिप का ऐलान किया था। इन चश्मों के लेंस में ही एक छोटा सा डिस्प्ले होगा जो रास्ता दिखाने या सामने वाले की बात को आपकी भाषा में ट्रांसलेट करके दिखाने जैसे काम करेगा। उम्मीद है कि इस इवेंट में गूगल इन स्मार्ट ग्लासेस के लॉन्च से जुड़ी अहम जानकारियां साझा कर सकता है।
4. Gemini का बढ़ेगा दायरा
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की रेस में गूगल का सबसे बड़ा हथियार 'जेमिनी' है। इस इवेंट में गूगल दिखाएगा कि जेमिनी अब सिर्फ एक ऐप नहीं, बल्कि पूरे एंड्रॉइड इकोसिस्टम का हिस्सा कैसे बन रहा है। यह आपके मैसेज, ईमेल और अन्य ऐप्स के बीच आसानी से काम करेगा। इसके अलावा, जेमिनी आपके स्क्रीन पर मौजूद चीजों को बेहतर ढंग से समझकर रियल-टाइम में मदद करेगा। इसका दायरा सिर्फ फोन तक सीमित न रहकर स्मार्टवॉच, कारों और एक्सआर (XR) डिवाइसेस तक फैलेगा, जिससे वॉयस कमांड और भी ज्यादा नैचुरल लगेंगे।
पिछले साल क्या हुआ था?
अगर पिछले साल के 'द एंड्रॉइड शो' की बात करें, तो गूगल ने एंड्रॉइड 16 के डिजाइन में बड़े बदलाव किए थे, जिसे 'मटेरियल 3 एक्सप्रेसिव' (Material 3 Expressive) नाम दिया गया था। इसमें बेहतर एनीमेशन और शानदार कस्टमाइजेशन के विकल्प दिए गए थे। इसके अलावा, जेमिनी को टीवी, कारों और स्मार्टवॉच में पेश किया गया था और फ्रॉड को पकड़ने के लिए 'स्कैम डिटेक्शन' व 'फाइंड हब' जैसे सेफ्टी फीचर्स लॉन्च किए गए थे।
कुल मिलाकर, 12 मई का यह शो इस बात की नींव रखेगा कि भविष्य में हम अपने स्मार्टफोन्स, गैजेट्स और एआई (AI) का इस्तेमाल किस तरह से करने वाले हैं। तकनीक के दीवानों के लिए यह इवेंट किसी बड़े जश्न से कम नहीं होगा।
- भारत में 6G की तैयारी तेज: ट्राई ने बढ़ाई 600 मेगाहर्ट्ज स्पेक्ट्रम बैंड की वैधता, इंटरनेट होगा और फास्ट
- OnePlus का 'बाहुबली' 5G फोन तैयार: 8000mAh बैटरी, 50MP कैमरा और मिलिट्री ग्रेड मजबूती के साथ आएगा Nord CE 6
- Flight Search: अब ChatGPT पर खोजें सस्ती फ्लाइट्स! Skyscanner का नया एप देगा सबसे बेस्ट डील
- Mythos: क्या ‘मिथोस’ बनेगा बैंकिंग सिस्टम के लिए खतरा? RBI ने बैंकों संग शुरू की हाई लेवल चर्चा