जर्मनी: फेसबुक, ट्विटर ने फर्जी ख़बर पर कार्रवाई नहीं की तो लगेगा मोटा जुर्माना

सोशल मीडिया खासकर फेसबुक, ट्विटर आदि पर फर्जी ख़बरें और अफवाहें खूब फैलती हैं। ऐसे में इस स्थिति से निपटने के लिए जर्मनी ने एक नया कानून पारित किया है। जिसके तहत अगर फर्जी पोस्ट को 24 घंटे के अंदर नहीं हटाया गया तो उस सोशल मीडिया कंपनी को मोटा जुर्माना देना होगा।
उल्लेखनीय है कि फेसबुक ने अभी हाल ही में घोषणा की है कि वह फर्जी ख़बरों और अफवाहों पर लगाम लगाने के लिए एक नया टूल ला रहा है।
आयरलैंड के अखबार 'आइरिश टाइम्स' में यह ख़बर
छपी है। ख़बर के मुताबिक फेसबुक को कई बार फर्जी और नफरत फैलाने वाले पोस्ट रोकने के लिए कहा जा रहा था। अब बर्लिन ने स्पष्ट कर दिया है कि वह इसके लिए अब फेसबुक के भरोसे बैठा नहीं रहेगा। आइरिश टाइम्स ने इस खबर में जर्मनी की सत्तारूढ़ सोशल डेमोक्रेट्स (एसपीडी) पार्टी के नेता थॉमस ऑपरमैन का हवाला दिया है.
इस कानून के तहत सभी इंटरनेट कंपनियों को जर्मनी में एक अनुबंध पर हस्ताक्षर करना होगा, जिसके तहत उन्हें फर्जी खबरों और नफरत फैलाने वाले अफवाहों के खिलाफ कार्यवाही करनी होगी।
अंग्रेजी अखबार 'द गार्डियन' के मुताबिक
जर्मनी के इस नए कानून के दायरे में गूगल और ट्विटर भी होंगे। ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स को या तो अपने सालाना कमाई के अनुपात में जुर्माना देंगे या फिर उन्हें पांच लाख यूरो चुकाना होगा।