Fact Check: यासीन मलिक की वायरल हो रही इस फोटो की पड़ताल

कश्मीर के अलगाववादी संगठन जम्मू-कश्मीर लिबरेशन फ्रंट (जेकेएलएफ) के प्रमुख यासीन मलिक की एक फोटो माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्विटर पर खूब शेयर की जा रही है। शेयर की जा रही फोटो में दिख रहा है कि उनके हाथ में प्लास्टर लगी है और हाथ को डॉक्टर्स ने एक हैंगर के सहारे ऊपर की ओर किया हुआ है। इस फोटो को यह लिखकर शेयर किया जा रहा है, 'कश्मीरी पंडितों के हत्यारे को इस हाल में देखने के बाद मेरे तो पंद्रह लाख मिल गये आपको मिले? 😊 thank you sir @narendramodi'
पड़ताल में क्या सामने आया
वायरल हो रही यासीन मलिक की इस फोटो का जब हमने फैक्ट चेक किया तो कुछ और ही सच्चाई सामने आई। हमारी जांच में पता चला कि इस फोटो के साथ किया जा दावा गलत है, हालांकि फोटो सही है। इस फोटो के साथ एडिटिंग नहीं की गई है।

दरअसल यासीन मलीक की यह फोटो उस समय की है जब साल 2016 में यासीन मलीक को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसी फोटो के साथ www.samaa.tv पर एक रिपोर्ट भी प्रकाशित हुई है जिसमें कहा गया है कि जेल में तबीयत बिगड़ने के बाद इलाज के लिए यासीन को गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती कराया गया है। यह रिपोर्ट 23 अक्टूबर 2016 को प्रकाशित हुई थी।

23 अक्टूबर 2016 को ही dawn.com पर भी यह रिपोर्ट प्रकाशित हुई थी जिसमें यासीन के परिवार के हवाले से कहा गया था कि उनके एक हाथ ने काम करना बंद कर दिया है। उस समय एक अन्य रिपोर्ट में कहा गया था कि यासीन के हाथ में सूजन और इंफेक्शन है। उस दौरान यासीन की बॉडी में इंफेक्शन के बाद श्रीनगर के सेंट्रल जेल से खैबर अस्पताल शिफ्ट किया गया था।
गौरतलब है कि दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने यासीन मलीक को 24 मई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री व पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने यासीन को तत्काल प्रभाव से रिहा करने की अपील की है। इसके पीछे उन्होंने गिरते स्वास्थ्य का हवाला दिया है।