फेसबुक का कबूलनामा: हमारे पास है आपके वाई-फाई से लेकर फोन की बैटरी और माउस तक की जानकारी

दुनिया की सबसे बड़ी सोशल मीडिया साइट फेसबुक आप पर कितना नजर रखता है और आपके बारे में कितना जानता है आप इसका अंदाजा भी नहीं लग सकते। कैम्ब्रिज एनालिटिका द्वारा डाटा लीक होने के बाद लगातार विवादों को सामना कर रहे फेसबुक ने अब खुद ही कबूल किया है कि वह अपने यूजर्स के माउस मूवमेंट पर भी नजर रखता है और की-बोर्ड पर टाइप होने वाले एक-एक की पर उसकी नजर होती है।
फेसबुक ने 2 हजार सवालों के जबाव दिए हैं जिनमें से यह बात सामने निकलकर आई है। दरअसल फेसबुक आपके माउस और की-बोर्ड पर नजर रखकर यह पता लगाता है कि आप किसी वेबसाइट पर कितना वक्त बिता रहे हैं और इसी के आधार फेसबुक आपको विज्ञापन दिखाता है।
फेसबुक ने सवालों के में कहा है कि उसे यह भी पता है कि आप कौन-सा वाई-फाई नेटवर्क इस्तेमाल कर रहे हैं और आपके फोन में किसका नंबर किस फोटो के साथ सेव है। इसके अलावा फेसबुक यह भी जानता है कि आपके फोन में कितनी बैटरी बची है, कितनी रैम, कितनी स्टोरेज है, आप कौन-कौन सा ऐप इस्तेमाल करते हैं। हालांकि इन सभी जानकारी के लिए जरूरी है कि आपके फोन में फेसबुक ऐप मौजूद है।
गौरतलब है कि फेसबुक ने पिछले सप्ताह ही कन्फर्म किया है कि वह 4 चाइनीज मोबाइल निर्माता कंपनियों को यूजर्स का डाटा शेयर करता है। फेसबुक जिन कंपनियों को अपने यूजर्स का डाटा शेयर करता है उनमें दुनिया की तीसरी बड़ी मोबाइल निर्माता कंपनी Huawei का भी नाम है। बता दें कि हुवावे पर अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने भी डाटा बेचने को आरोप लगाया था और लोगों को कंपनी के स्मार्टफोन इस्तेमाल ना करने की सलाह दी थी।