बच्चों को ऑनलाइन सुरक्षित रखने के लिए फेसबुक ने शुरू किया पैरेंट्स पोर्टल

सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक ने माता-पिता के लिए एक पोर्टल लांच किया है, जिससे कि उनके बच्चों को ऑनलाइन सुरक्षित रखा जा सके। फेसबुक ने एक बयान में कहा है कि इस पोर्टल को माता-पिता, किशोरों और सुरक्षा विशेषज्ञों के सहयोग से पूरी दुनिया में शुरू किया गया है।
इससे माता-पिता को उनके खुद के अनुभव से बच्चों के अनुभव को दिशा देने में सहायता मिलेगी। www.facebook.com/safety/parents के जरिए पोर्टल पर पहुंचा जा सकता है।
अमेरिका स्थित फेसबुक कंपनी ने हाल ही में अपने सुरक्षा केंद्र और बुलिंग प्रीवेंशन हब को अपडेट किया है। इस पोर्टल में माता-पिता के लिए फेसबुक का कैसे इस्तेमाल करें, बच्चों को ऑनलाइन सुरक्षित रखने के तरीकों और विशेषज्ञों की राय उपलब्ध रहेंगी।
यह पोर्टल 55 भाषाओं में है। इसमें 11 भारतीय भाषाएं हैं। यह मोबाइल फ्रेंडली है और इसमें एक-एक चीज को वीडियो जरिए बताया गया है। बयान में कहा गया है कि फेसबुक कम्यूनिटी को सुरक्षित रखना कंपनी की अहम जिम्मेदारी है।