सुरक्षा के लिए टूल: अफगानी यूजर्स के लिए फेसबुक ने लॉन्च किया one-click tool, ऐसे करता है काम
one-click tool को इस्तेमाल करने के बाद वहां के यूजर्स की फ्रेंडलिस्ट और टाइमलाइन हिस्ट्री कोई अन्य यूजर नहीं देख पाएगा, हालांकि यह फीचर फेसबुक ने अस्थाई तौर पर पेश किया है।

विस्तार
अफगानिस्तान में तालिबान के कब्जे के बाद तमाम सोशल मीडिया और टेक कंपनियां अपने यूजर्स को लेकर सतर्क हो गई हैं। कुछ दिन पहले ही फेसबुक ने कहा था कि वह अमेरिका कानून के मुताबिक तालिबान को आतंकवादी मानता है।
ऐसे में वह तालिबान और उसके समर्थन में पोस्ट करने वाले सभी अकाउंट को डिलीट करेगा। अब कंपनी ने अपने अफगानी यूजर्स के लिए one-click tool पेश किया है जिसकी मदद से वहां के फेसबुक यूजर्स अपनी प्रोफाइल को लॉक कर सकते हैं।
फेसबुक ने यह फीचर अपने यूजर्स की सुरक्षा के लिए पेश किया है। one-click tool को इस्तेमाल करने के बाद वहां के यूजर्स की फ्रेंडलिस्ट और टाइमलाइन हिस्ट्री कोई अन्य यूजर नहीं देख पाएगा, हालांकि यह फीचर फेसबुक ने अस्थाई तौर पर पेश किया है।
फेसबुक सिक्योरिटी पॉलिसी के प्रमुख नथानिएल ग्लिशर ने कहा है कि कंपनी ने अफगानिस्तान में फेसबुक पर लोगों की फ्रेंड लिस्ट देखने या सर्च करने के विकल्प को अस्थाई रूप से बंद कर दिया गया है। यह फैसला अफगान यूजर्स को तालिबान से संभावित अटैक से बचाने की कोशिश में लिया गया है।
फेसबुक के अलावा LinkedIn ने अपने अफगानी यूजर्स के कनेक्शन को हाइड कर दिया है। ऐसे में अन्य यूजर्स किसी के कनेक्शन के बारे में जानकारी नहीं जुटा पाएंगे। इसके अलावा यूट्यूब ने कहा है कि वह अपने प्लेटफॉर्म पर किसी भी तालिबानी चैनल को इजाजत नहीं देगा। साथ ही उन चैनल को भी ब्लॉक किया जाएगा जिनके पीछे तालिबान के हाथ का संदेह होगा