फेसबुक की नई पॉलिसी: सेलिब्रिटी के खिलाफ पोस्ट पर लगेगी लगाम, उत्पीड़न पर कसेगा शिकंजा
फेसबुक अब अपने प्लेटफॉर्म पर उत्पीड़न को लेकर कड़े कदम उठाने जा रहा है। फेसबुक ने कहा है कि वह अपनी नीतियो में बदलाव करेगी जो कि प्लेटफॉर्म पर उत्पीड़न के खिलाफ कारगर साबित होगी।

विस्तार
सोशल मीडिया पर आए दिन किसी-ना-किसी को ट्रोल किया जाता है जो कि सही नहीं है। सोशल मीडिया कंपनियों की ओर से तमाम कोशिशों के बाद भी ऑनलाइन उत्पीड़न कम नहीं हो रहा है, हालांकि फेसबुक अब अपने प्लेटफॉर्म पर उत्पीड़न को लेकर कड़े कदम उठाने जा रहा है। फेसबुक ने कहा है कि वह अपनी नीतियो में बदलाव करेगी जो कि प्लेटफॉर्म पर उत्पीड़न के खिलाफ कारगर साबित होगी।
पिछले सप्ताह की फेसबुक के पूर्व डाटा वैज्ञानिक फ्रांसेस हौगेन ने कांग्रेस के समक्ष कहा था कि फेसबुक अपने प्लेटफॉर्म हानिकारक सामग्री और उत्पीड़न वाले कंटेंट के प्रसार को रोकने की अपनी जिम्मेदारी को पूरी तरह से नहीं निभाता है। कंपनी अक्सर अपने फायदे के लिए यूजर्स के फायदों को नजरअंदाज कर देती है।
उत्पीड़न के खिलाफ फेसबुक की नई पॉलिसी सेलिब्रिटी और निर्वाचित अधिकारियों समेत सार्वजनिक हस्तियों को बदनाम और उन्हें ट्रोल करने वाले कंटेंट पर लगाम लगाएगी। नई पॉलिसी दुनियाभर के सेलिब्रिटी, पत्रकारों और मानवाधिकार कार्यकर्ताओं को उत्पीड़न से सुरक्षा प्रदान करेगी। आमतौर पर कई बार सुनने को मिलता है कि किसी मानवाधिकार कार्यकर्ता को सोशल मीडिया पर ट्रोल किया जाता है।
नई पॉलिसी के तहत उन सभी कंटेंट को बैन किया जाएगा जिनके जरिए किसी व्यक्ति को लगातार परेशान करने की कोशिश की जाती है। फेसबुक के वैश्विक सुरक्षा प्रमुख एंटिगोन डेविस ने अपने ब्लॉग में लिखा है, 'हम अपने प्लेटफॉर्म पर धौंस जमाने और किसी भी तरह के उत्पीड़न की अनुमति नहीं देते हैं और जब ऐसा होता है तो हम कार्रवाई करते हैं।'