चीन : कोरोनावायरस के चलते घरों में कैद लोगों ने हफ्ते भर में डाउनलोड किए 22 करोड़ एप
कोरोनावायरस के कहर के चलते घरों में कैद चीनी नागरिक खुद को व्यस्त करने के लिए मोबाइल एप्स का सहारा ले रहे हैं। यह दावा टेक कंपनी एप एनी की रिपोर्ट में किया गया है।

विस्तार
चीन में फैले कोरोनावायरस के संक्रमण की वजह से वहां कारखाने बंद पड़े हैं। लोगों को पास काम नहीं है। डर के मारे लोग घरों में कैद है। एप एनी की रिपोर्ट में कहा गया है कि डर से बाहर निकलने और खुद को व्यस्त रखने के लिए चीनी नागरिक मोबाइल गेम्स एवं विभिन्न प्रकार के एप का सहारा ले रहे हैं।
एप का विश्लेषण करने वाली इस कंपनी की रिपोर्ट के मुताबिक, चीन में 2 से 8 फरवरी के बीच सिर्फ एपल स्टोर से रिकॉर्ड 22.2 करोड़ से ज्यादा एप डाउनलोड किए गए हैं। यह 2019 के किसी भी सप्ताह डाउनलोड किए गए एप की तुलना में 40 फीसदी अधिक है। इनमें विभिन्न प्रकार गेम्स से संबंधित एप की संख्या सबसे ज्यादा है।
इसके अलावा, शिक्षा, मनोरंजन, वीडियो और बिजनेस से जुड़े एप भी शामिल हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि कोरोनावायरस के संकट की वजह से चीन के पड़ोसी देशों दक्षिण कोरिया और जापान में भी ऐसे ही हालात हैं। इसके बावजूद वहां इतनी बड़ी संख्या में एप डाउनलोड नहीं किए गए हैं।
सोशल नेटवर्क बन रहे ऑनलाइन वर्चुअल गेम
इस क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों का कहना है कि चीन में एक सप्ताह में इतनी बड़ी संख्या में एप डाउनलोड होना आश्चर्य की बात नहीं है। लोगों को पास जितना खाली समय होता है, उतना ही वे मनोरंजन चाहते हैं। छुट्टियों के दौरान मोबाइल पर लोग ज्यादा सक्रिय होते हैं, जिससे एप डाउनलोड की संख्या भी बढ़ती है। यह एप डेवलपर्स के लिए कमाई का शानदार मौका होता है।
उनका कहना है कि आज के दौर के मोबाइल गेम ज्यादा आकर्षक होते हैं। इसमें एक साथ कई लोगों के खेलने और वॉयस चैट करने की भी सुविधा होती है। खास बात है कि ऑनलाइन वर्चुअल गेम अब तेजी से सोशल नेटवर्क का रूप धारणा कर रहे हैं, जहां सामान्य हितों की वजह से लोग आपस में जुड़ रहे हैं।
वीडियो और फोन कॉल के सहारे कारोबार
रिपोर्ट में कहा गया है कि मनोरंजन और सीखने वाले एप और गेम्स के अलावा तकनीक कंपनियां संचार व सहयोगी सेवाओं की पेशकश कर रही हैं। चीन के विभिन्न हिस्सों में कारखाने, स्टोर और ऑफिस बंद पड़े हैं। ऐसे में कंपनियां अपने कर्मचारियों को घर बैठे काम करने के लिए प्रोत्साहित कर रही हैं।
क्लाइंट से मीटिंग और आंतरिक जानकारियों के आदान-प्रदान के लिए ये कंपनियां वीडियो और फोन कॉल का सहारा ले रही हैं। इससे इस दौरान वीडियो और फोन कॉल की संख्या में भी तेजी से इजाफा हुआ है। आगे भी स्थिति ऐसी ही रही तो चीन में संचार और सहयोगी सेवाओं पर 2020 में 40.8 अरब डॉलर खर्च होने का अनुमान है।