Alka Lamba Twitter: कांग्रेस नेता अलका लांबा ने ट्विटर ब्लू टिक को कहा अलविदा, एलन मस्क से हैं नाराज
अलका लांबा ने ट्विटर पर ब्लू टिक को छोड़ने की घोषणा की है। उनका कहना है कि ट्विटर को दिए जाने वाले पैसों को वह किसी वृद्धाश्रम, अनाथालय या किसी जरूरतमंद को देना पसंद करेंगी।

विस्तार
कांग्रेस नेता अलका लांबा ने ट्विटर के ब्लू टिक को बाय-बाय कह दिया है। उन्होंने अपने ट्विटर अकाउंट से ब्लू टिक को हटाने का एलान किया है। दरअसल, लांबा ट्विटर के नए मालिक एलन मस्क से नाराज हैं। उनका कहना है कि ट्विटर को दिए जाने वाले पैसों को वह किसी वृद्धाश्रम, अनाथालय या किसी जरूरतमंद को देना पसंद करेंगी। बता दें कि एलन मस्क फ्री वाले ब्लू टिक को हटाने जा रहे हैं। यह नियम 1 अप्रैल से लागू होने वाले हैं।

ट्विटर पर की घोषणा
अलका लांबा ने ट्विटर पर ब्लू टिक को छोड़ने की घोषणा की है। उन्होंने लिखा, " मैं #ब्लू_टिक का त्याग करती हूँ। ट्विटर के एक "नीले निशान" के लिए हर महीने 8$(672Rs)देने की बजाये मैं वही पैसा हर महीने किसी वृद्धा आश्रम या अनाथालय में मदद के तौर पर देना पंसद करूंगी-शायद किसी जरुरतमंद का फ़ायदा हो जाए। चुनौतियां रहेगी-विरोधी फर्जी अकाउंट खोलकर झूठ को परोसेंगे।"
एक अप्रैल से हट जाएंगे फ्री वाले ब्लू टिक
एलन मस्क फ्री वाले ब्लू टिक को हटाने जा रहे हैं। इसकी शुरुआत 1 अप्रैल 2023 से होने जा रही है। हालांकि यदि फ्री ब्लू टिक वाले पैसे देकर ट्विटर ब्लू की सेवा लेते हैं तो उनका ब्लू टिक बना रहेगा, लेकिन लिगेसी वेरिफाइड का टैग हट जाएगा। दरअसल, पहले से ब्लू टिक वाले अकाउंट के साथ legacy verified का टैग है जिसे एलन मस्क अगले सप्ताह से खत्म करने जा रहे हैं यानी जितने भी लिगेसी वेरिफाइड अकाउंट होंगे उनके ब्लू टिक को हटा दिया जाएगा। बता दें कि लिगेसी वेरिफिकेशन के तहत पत्रकारों, मीडिया हाउस, सेलेब्रिटीज आदि को फ्री में ब्लू टिक दिया गया है।