CJP: X पर ब्लॉक होने के बाद 'कॉकरोच जनता पार्टी' ने बनाया नया हैंडल, पोस्ट कर विरोधियों पर कसा तंज
CJP New X Account:
सोशल मीडिया पर तेजी से उभरी ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ एक बार फिर चर्चा में है। भारत में उसका पुराना X अकाउंट ब्लॉक होने के कुछ घंटों के भीतर ही नया अकाउंट सामने आ गया। नए हैंडल से पार्टी ने आलोचकों पर तंज कसा। इस पूरे घटनाक्रम ने इंटरनेट से लेकर राजनीति तक नई बहस छेड़ दी है।

विस्तार
गुरुवार को भारत में 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) का मूल एक्स (X) अकाउंट ब्लॉक कर दिया गया था। हालांकि, कुछ ही घंटों के भीतर इस समूह से जुड़ा एक नया अकाउंट सामने आ गया। वापसी के बाद नए अकाउंट से आलोचकों को जवाब देते हुए दो पोस्ट किए गए। एक पोस्ट में लिखा गया, "क्या आपको लगा कि आप हमसे छुटकारा पा लेंगे?" वहीं दूसरे पोस्ट में एक स्क्रीनशॉट शेयर किया गया। इसमें बीजेपी और कॉकरोच पार्टी के इंस्टाग्राम फॉलोअर्स की तुलना की गई थी। इसके कैप्शन में लिखा गया कि यही हमारे ब्लॉक होने की असली वजह है।
सोशल मीडिया पर तेजी से बढ़ी लोकप्रियता
कॉकरोच पार्टी सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रिय हो रही है। इसके नए एक्स अकाउंट पर 26 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स दिख रहे हैं। वहीं, इंस्टाग्राम पर सिर्फ 5 दिन में इसके फॉलोअर्स की संख्या 1.2 करोड़ (12 मिलियन) को पार कर गई है। इस आंकड़े के साथ उसने बीजेपी के आधिकारिक अकाउंट को पीछे छोड़ दिया है।
बीजेपी के वर्तमान में लगभग 87 लाख फॉलोअर्स हैं। हालांकि, 1.3 करोड़ फॉलोअर्स के साथ कांग्रेस अभी भी आगे है, जबकि आम आदमी पार्टी इस सूची में काफी पीछे है। CJP खुद को युवाओं का एक राजनीतिक मोर्चा बताती है। इस समूह का नारा "धर्मनिरपेक्ष, समाजवादी, लोकतांत्रिक और आलसी" रखा गया है।
क्या है कॉकरोच जनता पार्टी?
दरअसल, कॉकरोच जनता पार्टी की शुरुआत उस वक्त हुई जब भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत का एक बयान वायरल हुआ, जिसमें बेरोजगार युवाओं की तुलना कॉकरोच से किए जाने की बात सामने आई। इसके बाद अभिजीत दीपके नाम के शख्स ने 16 मई को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए इस पार्टी की शुरुआत की।
देखते ही देखते यह पार्टी सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। खासकर जेन जी (GenZ) के बीच यह एक नया इंटरनेट ट्रेंड बन चुका है। इंस्टाग्राम रील्स और मीम्स में लोग मजाकिया अंदाज में खुद को पार्टी लीडर बनने के योग्य बता रहे हैं।
करोड़ों में आ रहे हैं व्यूज
इस पेज ने इंस्टाग्राम पर कुछ छोटे-छोटे वीडियो पोस्ट किए हैं। इन वीडियोज का रिस्पॉन्स इतना तगड़ा है कि व्यूज 1 करोड़ तक पहुंच चुके हैं। हालांकि, एक परिपक्व नजरिए से देखें, तो इतने सारे फॉलोअर्स का मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि लोग असल में इस पार्टी का समर्थन कर रहे हैं। लेकिन एक बात तो तय है कि इस अकाउंट ने इंटरनेट पर लोगों का ध्यान खींचने में पूरी कामयाबी हासिल की है।
आखिर कैसे हुआ रातों-रात वायरल?
कॉकरोच पार्टी ने बहुत ही सटीक और छोटे वीडियो बनाकर पोस्ट किए। इन वीडियो में आम आदमी का गुस्सा, हंसी-मजाक और रोजमर्रा की जिंदगी की साफ झलक थी। वीडियो देखने वाले हर इंसान ने खुद को उस कंटेंट से गहराई से जुड़ा हुआ महसूस किया। इसी मजबूत जुड़ाव की वजह से वीडियो देखने का समय यानी वॉच टाइम काफी बढ़ गया। और यही वजह है कि यह पेज रातों-रात इंटरनेट का सबसे बड़ा सेंसेशन बन गया।
फिलहाल यह साफ तौर पर कहना मुश्किल है कि इस अकाउंट के सभी फॉलोअर्स पूरी तरह असली हैं या नहीं। दरअसल, वीडियो को वायरल करने के पीछे इंस्टाग्राम का एल्गोरिद्म काम करता है। अगर किसी नए वीडियो पर शुरुआत में ही काफी तेजी से लाइक, शेयर और कमेंट आ जाते हैं। तो इंस्टाग्राम खुद उस वीडियो को और ज्यादा लोगों तक भेजने लगता है।
- Apple का बड़ा दावा: 2025 में App Store पर 2.2 अरब डॉलर की फर्जी ट्रांजैक्शन रोकी, लाखों एप्स भी किए ब्लॉक
- जियो के फ्री गूगल AI Pro प्लान में बड़ा झटका: अब नहीं मिलेगा मुफ्त यूट्यूब Premium Lite, कंपनी ने लगाई यह शर्त
- Tips: फोन-लैपटॉप स्क्रीन देखते ही होने लगती है आंखों में जलन? आज ही ऑन करें ये 2 सीक्रेट सेटिंग्स, मिलेगा आराम