Blue Tick Of Twitter : ब्लू टिक के लिए प्रकाशकों को छूट, अब कंपनी के फैसले की आलोचना शुरू
ट्विटर की कमान एलन मस्क के हाथ में जाने के बाद से नए बदलावों की खबरें सामने आ रही हैं। इसी क्रम में भारतीय मूल के सीईओ पराग अग्रवाल को बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। लेकिन इसके बावजूद ट्विटर को संभालने के लिए मस्क को एक भारतीय की जरूरत पड़ रही है।

विस्तार
एलन मस्क ने कहा कि ट्विटर प्लेटफार्म की भुगतान की प्रणाली से उन प्रकाशकों को बाईपास दिया जाएगा जो ट्विटर के साथ काम करना चाहते हैं। मस्क ने बताया, ट्विटर को हुई आय से यहां कंटेंट पोस्ट करने वाले क्रिएटर्स को पारितोषिक देने में मदद मिलेगी।
मस्क की इस घोषणा के बाद बड़ी संख्या में यूजर्स ने योजना की आलोचना शुरू कर दी। पश्चिम बंगाल से तृणमूल कांग्रेस के सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने कहा कि 8 डॉलर महीना हम से लेने से बेहतर है कि 4 डॉलर महीना हमें दीजिए और हमारा ब्लूटिक वापस ले लीजिए। विशेषज्ञों का मानना है कि मस्क ने ब्लू टिक को भेदभाव जनक और बेकार व्यवस्था तो करार दिया लेकिन शुल्क लगाकर खुद ही इसे बनाए रखने में सहयोग कर रहे हैं।
ब्लू टिक वाले यूजर्स को सुविधाएं भेदभाव बढ़ाएंगी। दूसरी ओर प्रकाशकों को अपनी भुगतान व्यवस्था से छूट देने में भी उन्हीं का हित है। प्रकाशकों की सामग्री की वजह से ही टि्वटर पर करोड़ों यूजर सक्रिय रहते हैं और उन्हें विज्ञापन दिखाकर टि्वटर हजारों करोड़ रुपए कमाता है।
ट्विटर संभालने में मस्क की मदद करेंगे भारतीय श्रीराम कृष्णन
सोशल मीडिया कंपनी ट्विटर की कमान अपने हाथ में लेते एलन मस्क ने भारतीय मूल के सीईओ पराग अग्रवाल को बाहर का रास्ता दिखा दिया। लेकिन अभी भी उन्हें ट्विटर को संभालने के लिए एक भारतीय की जरूरत पड़ रही है। ये हैं चेन्नई के रहने वाले श्रीराम कृष्णन। सोमवार को श्रीराम कृष्णन ने अपने ट्विटर हैंडल से ट्विटर ऑफिस की तस्वीर पोस्ट करते हुए दावा किया वे ट्विटर को चलाने में एलन मस्क की मदद कर रहे हैं।
उन्होंने ट्वीट में लिखा, मैं ट्विटर में मैं एलन मस्क की अस्थाई तौर पर सहायता कर रहा हूं, मैं (और एंडरसन होरोवित्ज) समझते हैं कि यह बहुत ही महत्वपूर्ण कंपनी है और दुनिया पर इसका बहुत प्रभाव हो सकता है और एलन मस्क ही ऐसा संभव कर सकते हैं।
चेन्नई में पढ़े हैं...
उनके लिंक्डइन प्रोफाइल के मुताबिक श्रीराम कृष्णन ने एसआरएम इंजीनियरिंग कॉलेज अन्ना यूनिवर्सिटी, चेन्नई से बीटेक की डिग्री ली। फिलहाल भारतीय इंजीनियर श्रीराम कंज्यूमर स्टार्टअप कंपनियों में निवेश करने वाली वेंचर कैपिटलिस्ट कंपनी ए16जेड यानी एंडरसन होरोवित्ज कंपनी के जनरल मैनेजर हैं। वह पहले ट्विटर में काम चुके हैं, तब उनके कंधों पर होम टाइमलाइन, नए यूजर्स के एक्सपीरियंस, सर्च, और ऑडियंस ग्रोथ जैसी जिम्मेदारियां थीं। इसके अलावा उन्होंने "प्रोग्रामिंग विंडोज एज़्योर" नाम की एक किताब भी लिखी है।