Bihar Election Result 2020: किसी ने कहा- गरीब बिहारी तो किसी ने EVM हैकिंग का लगाया आरोप, पढ़िए सोशल मीडिया रिएक्शन

बिहार विधानसभा की 243 विधानसभा सीटों पर हुए चुनाव के लिए मतगणना जारी है। चुनाव आयोग के रुझान के अनुसार राज्य में एक बार फिर राज्य में नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए गठबंधन सरकार बनाती हुई दिखाई दे रही है। आयोग की वेबसाइट के अनुसार, एनडीए गठबंधन- 127 और महागठबंधन- 98 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं 70 सीटें ऐसी हैं जहां उम्मीदवारों के बीच केवल एक हजार वोटों का अंतर है। जैसे-जैसे वोटों की गिनती की आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे नेताओं की जुबानी जंग तेज हो रही है। आइए देखते हैं बिहार चुनाव परिणाम पर किसने क्या?
विज्ञापन के जरिए खुद को बिहार का मुख्यमंत्री घोषित करने वाली प्लूरल्स पार्टी की संस्थापक पुष्पम प्रिया चौधरी ने मतगणना के रुझान सामने आने के बाद ईवीएम हैकिंग का आरोप लगाया है। पुष्पम प्रिया ने कहा है कि ईवीएम हैक करके उनके वोट एनडीए को दिए गए हैं।
उदित राज ने मंगलवार को ईवीएम पर सवाल उठाते हुए ट्वीट किया, 'जब मंगल ग्रह और चांद की ओर जाते उपक्रम की दिशा को धरती से नियंत्रित किया जा सकता है तो ईवीएम हैक क्यों नहीं की जा सकती? अमेरिका में अगर ईवीएम से चुनाव होता तो क्या ट्रंप हार सकते थे?'
राजद सांसद मनोज झा ने कहा, 'हम आपसे कुछ घंटों में मिलेंगे और यह साबित कर देंगे कि हमने वही किया जो हमने कहा था। महागठबंधन 124 सीटों पर आगे चल रही है, लेकिन अभी लाइव डाटा आना बाकी है।'
नीतीश ही होंगे सीएम
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल का कहना है कि नीतीश कुमार ही बिहार के मुख्यमंत्री होंगे। वहीं चुनाव आयोग का कहना है कि बिहार में 4 करोड़ वोट पड़े थे। इसमें से अबतक सिर्फ 1 करोड़ वोट गिने गए हैं।