फेसबुक से मोहभंग: Meta को हुआ अब तक का सबसे बड़ा नुकसान, 230 बिलियन डॉलर कम हुई मार्केट वैल्यू
चौथी तिमाही में मेटा को 10.3 बिलियन डॉलर यानी करीब 77,106 करोड़ का शुद्ध लाभ हुआ है जो पिछले साल की तुलना में आठ फीसदी कम है।

विस्तार
पिछले के सीईओ मार्क जुकरबर्ग अपनी नाकामियों के लिए पिछले 14 सालों से लगातार माफी मांगते आ रहे हैं। 2004 में फेसबुक की लॉन्चिंग के बाद से कंपनी लगातार विवादों में रही है। कभी डाटा प्राइवेसी को लेकर तो कभी पक्षपात को लेकर। विवादों से कंपनी का पुराना नाता है। एक्सपर्ट के मुताबिक फेसबुक के नाम इतने विवाद जुड़ गए थे कि कंपनी ने अपना नाम मेटा (Meta) रख लिया। नए नाम को लेकर मार्क जुकरबर्ग ने कहा कि वे चाहते हैं कि दुनिया उनकी कंपनी को मेटावर्स के तौर पर जाने, लेकिन लगता है कि मार्केट को कंपनी का नया नाम पसंद नहीं आ रहा है।
गुरुवार दोपहर के कारोबार में मेटा के शेयर 26% से अधिक गिरकर $237.76 (करीब 17,800 रुपये) पर आ गए। कंपनी का बाजार पूंजीकरण में $230 बिलियन (लगभग 17,18,300 करोड़ रुपये) से अधिक की गिरावट आई। यह किसी कंपनी की पूंजीकरण में एक दिन की सबसे बड़ी गिरावट है। आइए समझने की कोशिश करते हैं कि आखिर एक दौर में लोगों के दिलों पर राज करने वाले फेसबुक से लोगों का मोहभंग क्यों होने लगा है?
18 साल मे पहली बार कंपनी को बड़ा नुकसान हुआ है और उसके यूजर्स की संख्या में भारी कमी देखने को मिली है। मेटा को हुए नुकसान के बाद मार्क जुकरबर्ग की संपत्ति 31 अरब डॉलर घटी है।पिछली तिमाही से कंपनी को 1.95 बिलियन डेली एक्टिव यूजर्स की उम्मीद थी लेकिन यह संख्या 1.93 बिलियन पर रुक गई है। एक तिमाही पहले यह संख्या 1.930 अरब थी। मेटा ने अपने पूर्वानुमानों के मुताबिक 33.67 बिलियन डॉलर यानी करीब 2,52,051 करोड़ रुपये का कारोबार किया। चौथी तिमाही में मेटा को 10.3 बिलियन डॉलर यानी करीब 77,106 करोड़ का शुद्ध लाभ हुआ है जो पिछले साल की तुलना में आठ फीसदी कम है।
पिछले एक साल में फेसबुक को TikTok और Telegram जैसे यूजर्स से कड़ी चुनौती मिली है। टिकटॉक और टेलीग्राम के अलावा मेटा को Slack एप से भी काफी नुकसान हुआ है जो कि एक मैसेजिंग प्लेटफॉर्म है। इन एप्स से मिल रही टक्कर के बाद मेटा इंस्टाग्राम के रील्स फीचर पर काफी निवेश कर रहा है और यूजर्स फ्रेंडली फीचर पेश कर रहा है। हाल ही में इंस्टाग्राम ने सब्सक्रिप्शन मोड पेश किया है। मेटा ने नुकसान के लिए यूट्यूब को भी जिम्मेदार ठहराया है।