इटली और फ्रांस के बाद अमेरिका भी फेसबुक पर लगा सकता है भारी जुर्माना

कैंब्रिज एनालिटिका मामले में फेसबुक पर अमेरिका में भी जुर्माना लग सकता है। कोलंबिया के एटॉर्नी जनरल कार्ल रेसिन ने बुधवार को कंपनी के खिलाफ मुकदमा दायर कराया। फेसबुक ने कहा है कि वह शिकायत की समीक्षा कर रही है। कंपनी अटार्नी जनरल के साथ भी इस सिलसिले में बात करेगी। फेसबुक ने मार्च 2019 में ब्रिटिश कंसल्टेंसी फर्म कैंब्रिज एनालिटिका को 8.7 करोड़ यूजर्स का डाटा लीक होने की बात मानी थी। कैंब्रिज एनालिटिका ने इन सूचनाओं का इस्तेमाल 2016 में अमेरिका के राष्ट्रपति चुनाव के प्रचार के दौरान किया था।
अमेरिकी रेगुलेटर सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज कमीशन, फेडरल ट्रेड कमीशन और डिपार्टमेंट ऑफ जस्टिस भी इसकी जांच कर रहे हैं। एक दिन पहले ही अमेरिकी अखबार न्यूयॉर्क टाइम्स ने एक रिपोर्ट प्रकाशित की थी, जिसके मुताबिक फेसबुक ने यूजर्स का जितना डेटा दूसरी कंपनियों को देने की बात स्वीकार की थी, वास्तव में वह उससे कहीं ज्यादा सूचनाएं उन्हें दे रही थी। माना जा रहा है कि कैलिफोर्निया के एटॉर्नी अपनी याचिका में इस रिपोर्ट को भी शामिल कर सकते हैं।
इस बीच फेसबुक ने फिर कहा है कि उसने यूजर्स की अनुमति के बिना किसी भी कंपनी को उनका निजी मैसेज देखने की अनुमति नहीं दी। फेसबुक के वाइस प्रेसिडेंट आईमी आर्किबोंग ने ब्लॉगपोस्ट में कहा कि दूसरी कंपनियों की साइट पर जब यूजर फेसबुक लॉगइन करते हैं, तभी उनका डाटा उस कंपनी के साथ साझा होता है। आजकल यह अब आम बात हो गई है। उदाहरण के लिए अगर कोई नेटफ्लिक्स पर वीडियो देख रहा है, तो वह उसे अपने किसी दोस्त के साथ फेसबुक पर शेयर कर सकता है।
आयरलैंड लगा सकता है फेसबुक पर 1.3 लाख करोड़ की पेनाल्टी
यूरोप में नया डाटा सुरक्षा कानून इसी साल 25 मई से लागू हुए हैं। आयरलैंड का डाटा सुरक्षा आयोग फेसबुक की जांच कर रहा है। कंपनी पर ग्लोबल टर्नओवर के 4% तक जुर्माना लगाया जा सकता है। 2017 के टर्नओवर के आधार पर फेसबुक पर 1.3 लाख करोड़ का जुर्माना लग सकता है। इंग्लैंड 4.5 करोड़ और इटली 8 करोड़ का जुर्माना लगा चुका है।
फ्रांस ने उबर पर डाटा लीक में 3.25 करोड़ का जुर्माना लगाया
पेरिस | फ्रांस ने डाटा लीक मामले में ही उबर पर पर 3.25 करोड़ रुपए का जुर्माना लगाया है। यह मामला 2016 का है। दुनियाभर में उबर के 5.7 ग्राहकों और ड्राइवरों के डाटा लीक हो गए थे। कंपनी ने एक साल बाद नवंबर 2017 में यह बात जाहिर की थी कि हैकर्स ने उसके सिस्टम से डाटा चुराया है। इसी मामले में अमेरिका में मुकदमेबाजी से बचने के लिए उबर वहां की सरकार को 1,000 करोड़ रुपए दे चुकी है। पिछले महीने नीदरलैंड ने कंपनी पर 4.8 करोड़ और ब्रिटेन ने 3.4 करोड़ जुर्माना लगाया था।