Video: तो क्या मास्क से अनलॉक किया जा सकता है iPhone X?

एप्पल के नए iPhone X की बिक्री शुरू हो गई है। फोन की डिमांड भी काफी है। वहीं फोन के जिस खास फीचर Face ID को लेकर लोगों में दीवानगी देखने को मिल रही है, उसी फीचर में एक रिसर्चर ने सेंध लगा दी है। एक वीडियो में दिखाया गया है कि मास्क के जरिए फोन को अनलॉक किया जा सकता है, जबकि लॉन्चिंग के दौरान एप्पल ने दावा किया था कि iPhone X जुड़वा या मास्क से नहीं खुल सकता है।
जब मास्क से खुल गया iPhone X का लॉक, देखें वीडियो

यूट्यूब पर Bkav नाम का एक चैनल है जिसपर वीडियो शेयर किया गया है। BKAV वियतनाम की एक सिक्योरिटी फर्म है। इस वीडियो में iPhone X के फेस आईडी लॉक को एक 3D मास्क के जरिए अनलॉक करते हुए दिखाया गया है। कहा जा रहा है कि किसी भी iPhone X यूजर के चेहरे का 3डी मास्क बनाकर फोन को अनलॉक किया जा सकता है।
ये भी पढ़ेंः एप्पल 2018 में लॉन्च कर सकता है iPhone X के दो नए मॉडल
फर्म ने बताया है 3डी मास्क तैयार करने में उसे 150 डॉलर यानी करीब 9,813 का खर्च आया है। बता दें कि इससे पहले भी कई वीडियो सामने आए हैं जिनमें जुड़वा भाई के चेहरे से फोन को अनलॉक करने का प्रयास किया गया है, हालांकि कुछ वीडियो में सफलता मिली है और कुछ में नहीं। वैसे एप्पल ने इस वीडियो पर अभी तक कोई बयान नहीं दिया है।