सरकार की चेतावनी के बावजूद भारत में सबसे ज्यादा डाउनलोड हुआ Zoom App

विस्तार
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग एप जूम (Zoom) लॉकडाउन में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाला एप बन गया है। दुनिया के तमाम देशों के स्कूल की क्लासेज जूम एप के जरिए ही चल रही हैं लेकिन भारत जूम का सबसे बड़ा बाजार है। जूम वीडियो कॉलिंग एप को भारत में सबसे ज्यादा डाउनलोड किया गया है। जूम सबसे ज्यादा डाउनलोड होने वाला नॉन गेमिंग एप बन गया है। केवल अप्रैल में इसे 13.1 करोड़ लोगों ने डाउनलोड किया है।
18 फीसदी डाउनलोडिंग भारत में

सेंसर टावर की रिपोर्ट के मुताबिक जूम एप को भारत में सबसे ज्यादा डाउनलोड किया गया है। भारत में जूम एप की डाउनलोडिंग का प्रतिशत 18 है, जबकि अमेरिका में यह 14 फीसदी है। यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि भारत सरकार की चेतावनी के बाद भी जूम की डाउनलोडिंग में इजाफा हुआ है। सरकार ने प्राइवेसी के लिहाज से इसे असुरक्षित बताया था। अमेरिकी कंपनी जूम एप का इस्तेमाल लॉकडाउन में कंपनी की उम्मीद से ज्यादा हो रहा है। इस बात को खुद कंपनी के सीईओ ने स्वीकार किया है, हालांकि जूम प्राइवेसी और सिक्योरिटी को लेकर भी सवाल उठे हैं। प्राइवेसी के सवाल उठने के बाद जूम ने हाल ही में एंड टू एंड एन्क्रिप्शन स्टार्टअप Keybase के साथ साझेदारी की है।
जूम के पांच लाख अकाउंट हुए हैक

पिछले महीने ब्लीपिंग कंप्यूटर ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया था कि जूम के पांच लाख अकाउंट को हैक कर लिया गया है और डार्क वेब पर मामूली कीमत में लोगों का निजी डाटा बेचा जा रहा है। जूम एप यूजर्स का डाटा हैकर्स फोरम पर बिक रहा है। इसके बारे में सबसे पहले एक अप्रैल को साइबर सिक्योरिटी फर्म Cyble ने जानकारी दी थी। रिपोर्ट के मुताबिक डार्क वेब पर जूम एप यूजर्स का डाटा मामूली कीमत $0.0020 यानी करीब 0.15 रुपये प्रति अकाउंट बिका था। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि यह हैकिंग बकायदा पासवर्ड और आईडी के जरिए हुई है यानी कि हैकर्स को इसके बारे में पहले से जानकारी थी।