हाइपरओएस 4: एप खुलने की स्पीड हुई सुपर फास्ट, नोट्स और रिकॉर्डर में आए एआई फीचर्स, बदला इंटरफेस का पूरा लुक
- शाओमी ने दुनियाभर में अपने स्मार्टफोन के लिए हाइपरओएस 4 अपडेट जारी करना शुरू कर दिया है।
- कंपनी का दावा है कि नए सॉफ्टवेयर में कई जरूरी हिस्सों को दोबारा तैयार किया गया है, जिससे फोन पहले से तेज और स्मूद चलेंगे।
- इसके साथ ही इंटरफेस को ग्लास जैसा नया लुक मिला है। गैलरी, लॉक स्क्रीन और AI फीचर्स में भी कई बदलाव किए गए हैं।

विस्तार
शाओमी ने अपने स्मार्टफोन यूजर्स के लिए हाइपरओएस 4 अपडेट जारी करना शुरू कर दिया है। कंपनी ने इस बार सिर्फ फोन के लुक पर ही नहीं, बल्कि उसकी परफॉर्मेंस पर भी खास ध्यान दिया है। नए अपडेट में ऑपरेटिंग सिस्टम के कई हिस्सों को फिर से तैयार किया गया है। इससे एप्स तेजी से खुलने, स्क्रॉलिंग के दौरान कम लैग और बेहतर रिस्पॉन्स मिलने की उम्मीद है।
हाइपरओएस 4 का अपडेट शाओमी के प्रीमियम स्मार्टफोन से लेकर बजट डिवाइस तक पहुंच रहा है। इनमें शाओमी 17 अल्ट्रा के साथ रेडमी 15सी जैसे फोन भी शामिल हैं। नए वर्जन में सबसे बड़े बदलाव परफॉर्मेंस और डिजाइन से जुड़े हैं।
कई जरूरी ऐप्स को नए सिरे से तैयार किया
शाओमी ने हाइपरओएस 4 में सिस्टम के कुछ अहम ऐप्स को शुरुआत से डेवलप किया है। इनमें सिस्टम लॉन्चर और गैलरी ऐप शामिल हैं। कंपनी के मुताबिक, अब गैलरी में फोटो और वीडियो के थंबनेल पहले के मुकाबले 90% तेजी से लोड हो सकेंगे।
ऐप्स को पहले से बेहतर तरीके से प्रीलोड करने की सुविधा भी दी गई है। इसका मतलब है कि फोन इस्तेमाल करते समय ऐप्स खोलने पर कम इंतजार करना पड़ सकता है। शुरुआती यूजर रिपोर्ट्स में भी ऐप्स के तेजी से खुलने और इंटरफेस के ज्यादा स्मूद होने की बात कही गई है।
ग्लास जैसा दिखेगा फोन का इंटरफेस
हाइपरओएस 4 में डिजाइन को भी नया रूप दिया गया है। शाओमी ने इसे 'सॉफ्ट लाइट ग्लास' नाम दिया है। इसमें ट्रांसलूसेंट यानी पारदर्शी इफेक्ट वाले विजेट और बटन मिलते हैं। इंटरफेस के कई हिस्सों में धुंधले ग्लास जैसा लुक दिखाई देता है।
यूजर जब स्क्रीन पर मौजूद किसी एलिमेंट को टच करेंगे, तो उसमें हल्की चमक और फ्लोइंग एनिमेशन देखने को मिलेंगे। लॉक स्क्रीन को भी अपनी पसंद के हिसाब से कस्टमाइज किया जा सकता है। नोटिफिकेशन अब स्क्रीन के निचले हिस्से में एक साथ दिखाई देंगे, जिससे बैकग्राउंड ज्यादा साफ नजर आएगा। होम स्क्रीन पर भी विजेट्स को स्टैक करने का विकल्प मिलेगा।
नोट्स और वॉयस रिकॉर्डर में AI फीचर्स
नए अपडेट में शाओमी ने नोट्स और वॉयस रिकॉर्डर ऐप्स में AI आधारित फीचर्स भी जोड़े हैं। इनकी मदद से रिकॉर्ड की गई आवाज को टेक्स्ट में बदला जा सकेगा और लंबे कंटेंट का छोटा सार भी तैयार किया जा सकेगा।
शुरुआती यूजर रिपोर्ट्स में बेहतर परफॉर्मेंस
हाइपरओएस के पुराने वर्जन में परफॉर्मेंस और लैग को लेकर शिकायतें सामने आती रही हैं। हालांकि, हाइपरओएस 4 इस्तेमाल कर रहे शुरुआती यूजर्स की रिपोर्ट्स में बेहतर अनुभव की बात कही गई है। उनके मुताबिक, ऐप्स जल्दी खुल रहे हैं, स्क्रॉलिंग स्मूद हुई है और फोन का इंटरफेस पहले से ज्यादा रिस्पॉन्सिव महसूस हो रहा है।
शुरुआती रिपोर्ट्स में किसी बड़ी गड़बड़ी या हार्डवेयर से जुड़ी समस्या का भी जिक्र नहीं है। बैटरी बैकअप पर भी फिलहाल कोई खास असर सामने नहीं आया है। हालांकि, ये शुरुआती अनुभव हैं और अलग-अलग फोन में अपडेट का असर अलग हो सकता है।
गौरतलब है कि शाओमी ने साल 2023 में अपने पुराने एमआईयूआई (MIUI) की जगह हाइपरओएस पेश किया था। शुरुआती वर्जन में सिस्टम का काफी हिस्सा बेहतर हुआ, लेकिन इंटरफेस को लेकर सुधार की गुंजाइश बनी हुई थी। हाइपरओएस 4 में कंपनी ने परफॉर्मेंस के साथ डिजाइन को भी ज्यादा बेहतर बनाने की कोशिश की है।
- बेस्ट एंड्रॉयड एप्स 2026: गूगल ने जारी की बेस्ट एप और गेम्स की लिस्ट, यहां देखें विनर्स की पूरी लिस्ट
- एपल मैप्स: भारत में लॉन्च हुआ नया वर्जन, हिंदी-मराठी समेत 11 भाषाओं का सपोर्ट, AR नैविगेशन फीचर जुड़ा
- BGMI 4.7 अपडेट: एरेंगल, लिविक और विकेंडी में बदलेगा गेमप्ले, समय रैना का खास मोड मिलेगा; आज से करें डाउनलोड
- इग्नाइट 2026: माइक्रोसॉफ्ट ने लॉन्च किए सात नए एआई मॉडल, कोडिंग से लेकर इमेज एडिटिंग तक होंगे कई काम