Cowin App: क्या है CO-WIN एप, कैसे करता है काम, कैसे होगा रजिस्ट्रेशन, सबकुछ जानें

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुनिया के सबसे बड़े टीकाकरण अभियान का आगाज कर दिया है। आज यानी 16 जनवरी से देशभर में लाभार्थियों को कोरोना की वैक्सीन लगनी शुरू हो जाएगी। इस अभियान के साथ ही प्रधानमंत्री मोदी ने को-विन एप को भी लॉन्च किया। पहले दिन तीन लाख स्वास्थ्यकर्मियों को कोरोना का टीका लगाया जाएगा। कोरोना टीकाकरण के लिए सरकार ने एक सिस्टम बनाया है और इस सिस्टम का नाम CoWIN है। वैसे तो सरकार ने कहा है कि कोरोना टीकाकरण की पूरी प्रक्रिया CoWIN एप के जरिए ही होगी।
CoWIN को लेकर लेकर लोगों के जेहन में कई सवाल हैं और कई फर्जी एप्स इसी नाम से बाजार में आ गए हैं जिन्हें लेकर स्वास्थ्य मंत्रालय ने लोगों को सचेत भी किया है। खैर आइए CoWIN एप के बारे में विस्तार से जानते हैं कि आखिर यह एप क्या है, कैसे काम करता है और इसके जरिए टीका लेने के लिए किन-किन पहचान पत्रों की जरूरत होगी।
क्या है CO-WIN एप और कैसे करता है काम?

कोविन एप भारत में कोरोना टीकाकरण के लिए एक मैनेजमेंट सिस्टम है जो कि क्लाउड आधारित है। इस एप में टीकाकरण केंद्र से लेकर टीका लेने वाले लोगों की पूरी सूची रहेगी। यदि आप भी कोरोना का टीका लेना चाहते हैं तो आपको CO-WIN एप से ही अप्लाई करना होगा। कोविन एप से कोरोना टीकाकरण प्रक्रिया की पूरी ट्रैकिंग होगी। इसमें भारत में लगाए जाने वाले टीकों का पूरा लेखा-जोखा रहेगा।
साथ ही किसे कब, कहां और कौन सा टीका दिया गया। इसकी भी पूरी जानकारी होगी। सीधे शब्दों में कहें तो कोविन एप में भारत में कोरोना टीकाकरण का पूरा डाटा बेस रहेगा। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि अब आप गूगल प्ले-स्टोर से CO-WIN एप को डाउनलोड कर सकते हैं।
जियो फोन यूजर्स भी डाउनलोड कर सकेंगे CO-WIN

रिपोर्ट्स के मुताबिक CO-WIN एप को एंड्रॉयड, आईओएस और KaiOS सभी के लिए लॉन्च किया जाएगा। ऐसे में नोकिया के 4जी फोन यूजर्स और जियो फोन यूजर्स भी अपने फोन में कोविन एप डाउनलोड कर सकेंगे। बता दें कि फिलहाल 4जी फीचर फोन में KaiOS ही दिया गया है। कोविन एप में आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और पैन कार्ड आदि के जरिए रजिस्ट्रेशन किया जा सकेगा। एंड्रॉयड वर्जन लाइव हो गया है।
Co-WIN एप के हैं पांच मॉड्यूल

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक Co-WIN एप में पांच मॉड्यूल हैं जिनमें प्रशासनिक मॉड्यूल, दूसरा रजिस्ट्रेशन मॉड्यूल, तीसरा वैक्सीनेशन मॉड्यूल, चौथा लाभान्वित स्वीकृति मॉड्यूल और पांचवां रिपोर्ट मॉड्यूल शामिल हैं। इनमें से पहला मॉड्यूल प्रशासनिक मॉड्यूल है जिसमें वैक्सीन के लिए सेशन का निर्धारण होगा और टीका लगवाने वाले लोगों और प्रबंधकों को नोटिफिकेशन भेजा जाएगा।
रजिस्ट्रेशन मॉड्यूल में आप खुद वैक्सीन के लिए रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे। इस मॉड्यूल के लिए कोई संस्था थोक में उन लोगों का रजिस्ट्रेशन कर सकती है, जिन्हें वैक्सीन की जरूरत है। लाभान्वित स्वीकृति मॉड्यूल में क्यूआर कोड आधारित एक टीकाकरण सर्टिफिकेट मिलेगा।
कोरोना टीकाकरण की प्रक्रिया
- Co-WIN एप/वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन
- स्थान और तारीख के साथ मैसेज मिलेगा
- टीका केंद्र पर जाकर मैसेज दिखाना होगा
- पहचान पत्र की जांच होगी
- OTP के जरिए कोविन एप पर वेरिफिकेशन
- टीका लगेगा और डाटा अपलोड होगा
- सेकेंड डोज के लिए मैसेज मिलेगा
- साइड इफेक्ट की जांच के लिए 30 मिनट तक केंद्र पर ही रहना होगा
तीन चरण में होगा टीकाकरण

भारत में कोरोना टीकाकरण का काम शुरुआती तौर पर तीन चरणों में होगा। इसमें चरणवार ढंग से लोगों को टीका लगाया जाएगा। पहले चरण में स्वास्थ्यकर्मियों (हेल्थकेयर प्रोफेशनल्स) को और दूसरे चरण में आपातकालीन सेवाओं से जुड़े लोगों को कोरोना वैक्सीन दी जाएगी। राज्य सरकारों को इन लोगों का डाटा इकट्ठा करने का जिम्मा मिला है। वहीं तीसरे चरण में उन लोगों को टीका लगेगा जो किसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं। इन सभी का Co-WIN एप पर ही रजिस्ट्रेशन होगा।
- 4000mAh की बैटरी के साथ itel Vision 1 PRO स्मार्टफोन हुआ लॉन्च, कीमत 6,599 रुपये
- WhatsApp में आ रहा है 'बाद में पढ़ने' वाला फीचर, जानें इसके बारे में
- स्मार्टफोन में आवाज क्लियर नहीं आती तो अपनाएं ये चार ट्रिक्स, सर्विस सेंटर नहीं जाना पड़ेगा
- CES 2021: Intel ने पेश किए चार नए प्रोसेसर, 500 से अधिक नए पीसी में होगा इस्तेमाल