Face App: सुरक्षा को लेकर अमेरिकी नेता ने उठाए सवाल, FBI से की जांच की मांग

फेसबुक सोशल मीडिया पर बहुत ही तेजी से वायरल हो रहा है, लेकिन इसके साथ ही यूजर्स की प्राइवेसी और सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं। अमेरिकी सीनेट के अल्पसंख्यक नेता चक शूमर ने बुधवार को पत्र भेजकर एफबीआई और फेडरल ट्रेड कमीशन से इस एप की जांच करने की मांग की है। उन्होंने अपने पत्र में फेस एप को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बताया है और कहा है कि इस एप को रूस ने तैयार किया है।
वैसे तो फेस एप में कई सारे फिल्टर्स हैं लेकिन बुढ़ापे वाले फिल्टर के कारण ही यह एप वायरल हो रहा है। हालत यह हो गई है कि फेसबुक की पूरी टाइमलाइन लोगों की बुढ़ापे वाली फोटो से भर गई है, लेकिन इसी बीच यूजर्स की प्राइवेसी को लेकर बवाल हुआ है। कई यूजर्स ने शिकायत की है कि फोटो गैलरी का एक्सेस नहीं देने के बाद भी यह एप एक्सेस ले रहा है और डाटा को अपने सर्वर पर स्टोर कर रहा है।
एफबीआई के डायरेक्टर क्रिस्टोफर रे और एफटीसी के चेयरमैन जोय सिमंस को लिखे पत्र में शूमर ने कहा है कि इस एप के जरिए हैकर्स की पहुंच लाखों अमेरिकी नागरिकों के फोन में हो सकती है और राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ खिलवाड़ हो सकता है।
वहीं डेमोक्रेटिक नेशनल कमेटी ने भी बुधवार को पार्टी के 2020 के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवारों को भी चेतावनी दी है कि वे इस एप का इस्तेमाल ना करें। पार्टी ने कहा है कि इस एप के पीछे रूस की गलत मंशा हो सकती है।