TRAI ने लॉन्च किया नया MyCall एप: कॉल खत्म होते ही दें रेटिंग, करें गड़बड़ी की शिकायत, जानिए कैसे करता है काम

नीतीश कुमार
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीनीतीश कुमार
Tue, 04 Aug 2026 11:00 AM IST
सार

TRAI MyCall App:

अगर आपके मोबाइल पर बार-बार कॉल ड्रॉप होती है या आवाज साफ नहीं आती, तो अब शिकायत दर्ज कराने के लिए लंबी प्रक्रिया से नहीं गुजरना पड़ेगा। TRAI ने MyCall एप का नया संस्करण लॉन्च किया है, जिससे यूजर्स सीधे अपनी कॉल क्वालिटी का फीडबैक दे सकेंगे।

trai mycall app call drop voice quality rating made easy how it works
ट्राई का नया MyCall एप - फोटो : अमर उजाला

    विस्तार

    अगर आपकी कॉल बार-बार कटती है या आवाज साफ नहीं आती, तो अब शिकायत करना पहले से आसान हो गया है। TRAI ने MyCall एप का नया वर्जन लॉन्च किया है, जिसके जरिए यूजर कॉल की गुणवत्ता रेट करने के साथ नेटवर्क से जुड़ी समस्याएं सीधे टेलीकॉम कंपनियों तक पहुंचा सकेंगे। आइए जानते हैं कॉल ड्रॉप और कॉल की क्वालिटी सुधारने में ट्राई का नया MyCall एप कैसे काम आ सकता है।

    सवाल 1: TRAI ने MyCall ऐप का नया वर्जन क्यों लॉन्च किया है?

    जवाब: भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (TRAI) ने उपभोक्ताओं को कॉल क्वालिटी पर सीधे फीडबैक देने की सुविधा देने के लिए MyCall एप का नया और आधुनिक संस्करण लॉन्च किया है। इसका मकसद कॉल ड्रॉप, खराब आवाज और नेटवर्क से जुड़ी समस्याओं की जानकारी टेलीकॉम कंपनियों तक पहुंचाना है, ताकि वे समय रहते सुधार कर सकें.

    सवाल 2: MyCall ऐप कैसे काम करता है?

    जवाब: एप इंस्टॉल करने के बाद यूजर को भाषा चुननी होती है और कॉल लॉग, कॉन्टैक्ट, लोकेशन जैसी जरूरी परमिशन देनी होती है। इसके बाद हर वॉइस कॉल खत्म होने पर स्क्रीन पर एक छोटा पॉप-अप दिखाई देता है, जहां यूजर 1 से 5 स्टार तक रेटिंग देकर अपनी कॉल का अनुभव साझा कर सकते हैं।

    सवाल 3: एप के जरिए किन समस्याओं की शिकायत की जा सकती है?

    जवाब: MyCall ऐप में यूजर कॉल ड्रॉप, आवाज टूटना, कॉल के दौरान गूंज, ऑडियो डिले, बैकग्राउंड नॉइज, क्रॉस कनेक्शन और खराब नेटवर्क जैसी समस्याओं की रिपोर्ट कर सकते हैं। यह जानकारी संबंधित टेलीकॉम कंपनी तक पहुंचाई जाती है ताकि नेटवर्क में सुधार किया जा सके।

    सवाल 4: क्या इस फीडबैक के आधार पर कंपनियों पर जुर्माना लगेगा?

    जवाब: नहीं। TRAI के अध्यक्ष अनिल कुमार लाहोटी के अनुसार, एप से मिलने वाले आंकड़ों का इस्तेमाल कंपनियों पर कार्रवाई या जुर्माना लगाने के लिए नहीं किया जाएगा। इसका उद्देश्य केवल सेवा की गुणवत्ता सुधारना और उपभोक्ताओं की शिकायतों का समाधान आसान बनाना है।

    सवाल 5: MyCall एप किन फोन में इस्तेमाल किया जा सकता है?

    जवाब: यह एप Android और iPhone दोनों यूजर्स के लिए उपलब्ध है। इसे डाउनलोड करने के बाद कोई भी मोबाइल उपभोक्ता अपनी कॉल क्वालिटी का फीडबैक दे सकता है।

    सवाल 6: क्या TRAI ने धोखाधड़ी रोकने के लिए भी कोई कदम उठाया है?

    जवाब: हां। TRAI ने वित्तीय संस्थानों के लिए 1600 नंबर सीरीज लागू की है। इसके तहत बैंक या वित्तीय संस्थानों से आने वाली कॉल पर मोबाइल स्क्रीन पर कॉलर की पहचान दिखाई देती है। इससे फर्जी कॉल और ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी पर रोक लगाने में मदद मिलती है।

    सवाल 7: TRAI के दूसरे उपयोगी एप और सुविधाएं कौन-सी हैं?

    जवाब: MyCall के अलावा TRAI कई अन्य डिजिटल सुविधाएं भी उपलब्ध कराता है। इनमें DND (Do Not Disturb), अनचाही कॉल और SMS की शिकायत, बहुभाषी सपोर्ट, डुअल सिम सपोर्ट और मोबाइल इंटरनेट स्पीड की रियल-टाइम जांच जैसी सुविधाएं शामिल हैं।

    और पढ़ें...
    Login or Signup
    अपना शहर चुनें