Snapchat ने डोनाल्ड ट्रंप को हमेशा के लिए किया ब्लॉक, कहा- नफरत वाले कंटेंट के लिए कोई जगह नहीं

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को सोशल मीडिया कंपनियां लगातार बैन कर रही हैं। Snapchat ने अब डोनाल्ड ट्रंप को हमेशा के लिए बैन कर दिया है। कंपनी ने इसकी पुष्टि अपने एक बयान में की है। इससे पहले स्नैपचैट ने ट्रंप को अनिश्चितकाल के लिए बैन किया था। बता दें कि राजधानी वॉशिंगटन में बवाल और हिंसा के बाद तमाम सोशल मीडिया कंपनियों ने ट्रंप को बैन किया है।
स्नैपचैट ने अपने बयान में कहा है, 'हमने लोगों की हित का ख्याल रखते हुए अपने प्लेटफॉर्म पर डोनाल्ड ट्रंप को हमेशा के लिए बैन कर दिया है। उनके अकाउंट से लगातार गलत सूचनाएं, भड़काऊ भाषण जैसे पोस्ट होते थे। इसके अलावा कई ऐसे पोस्ट भी शेयर होते थे जो हमारी नीतियों के अनूकूल नहीं थे, इसलिए हमने उन्हें हमेशा के लिए बैन कर दिया है।'
सोशल मीडिया पर ट्रंप के बैन होने की शुरुआत गूगल और एपल ने अपने एप स्टोर से की थी। एपल और गूगल ने अपने-अपने एप स्टोर से Parler एप को हटा दिया है। इस एप के जरिए से डिजिटल कंटेंट की बिक्री हो रही थी जो कि नफरत फैलाने वाले थे। गूगल और एपल के बाद अमेजन वेब सर्विस ने अपने डाटा बेस से भी पार्लर को हटा दिया।
ये भी पढ़ें: फेसबुक-ट्विटर के बाद Youtube ने भी हटाए डोनाल्ड ट्रंप के वीडियो, अकाउंट सस्पेंड
गौरतलब है कि हाल ही में फेसबुक और ट्विटर के बाद यूट्यूब ने भी डोनाल्ड ट्रंप द्वारा अपलोड किए गए नए वीडियो कंटेंट को अपने प्लेटफॉर्म से हटा दिया है। साथ ही डोनाल्ड ट्रंप के चैनल को सेवा शर्तों के उल्लंघन के आरोप में सस्पेंड कर दिया है।
Youtube ने अपने एक बयान में कहा कि ट्रंप ने एक वीडियो अपलोड किया था जो कि हमारी नीतियों का उल्लंघन कर रहा था जिसके बाद उनके चैनल पर ऑटोमेटिक स्ट्राइक आया है। पहला स्ट्राइक कम-से-कम सात दिनों के लिए होता है। ऐसे में अगले सात दिनों तक ट्रंप अपने चैनल पर कोई वीडियो अपलोड नहीं कर पाएंगे।
स्ट्राइक के अलावा उनके चैनल के कमेंट सेक्शन को भी बंद कर दिया गया है, हालांकि कंपनी ने यह नहीं बताया है कि ट्रंप के किसी वीडियो ने उसकी नीतियों का उल्लंघन किया है। यूट्यूब पर ट्रंप के चैनल का नाम Donald J.Trump है जिसके सब्सक्राइबर्स की संख्या 2.77 मिलियन है। बता दें कि यूट्यूब किसी चैनल पर नीतियों के उल्लंघन को लेकर तीन स्ट्राइक लगाता है और उसके बाद चैनल को ब्लॉक कर दिया जाता है।