Signal Update: सिग्नल ने जारी किया नया अपडेट, परेशान हो गए माइक्रोसॉफ्ट के यूजर्स
सिग्नल के डेवलपर जोशुआ लुंड ने बुधवार, 21 मई को एक ब्लॉग पोस्ट में कहा, “माइक्रोसॉफ्ट ने पिछले एक साल में कई बदलाव किए हैं, लेकिन नया Recall फीचर अब भी उन एप्स में दिख रहे कंटेंट को खतरे में डालता है, जो प्राइवेसी को प्राथमिकता देते हैं, जैसे कि Signal।”

विस्तार
सिग्नल ने विंडोज 11 उपयोगकर्ताओं के लिए अपने डेस्कटॉप एप का नया वर्जन लॉन्च किया है, जो Microsoft के विवादास्पद Recall फीचर को एंड-टू-एंड एन्क्रिप्टेड चैट्स के स्क्रीनशॉट लेने से रोकता है। इस नए अपडेट में स्क्रीन सिक्योरिटी नामक फीचर शामिल है, जो डिफॉल्ट रूप से एक्टिव रहता है। इसका मतलब है कि Copilot+ पीसी में उपलब्ध Recall फीचर अगर Signal चैट्स का स्क्रीनशॉट लेने की कोशिश करेगा, तो उसे कुछ भी नजर नहीं आएगा।
सिग्नल के डेवलपर जोशुआ लुंड ने बुधवार, 21 मई को एक ब्लॉग पोस्ट में कहा, “माइक्रोसॉफ्ट ने पिछले एक साल में कई बदलाव किए हैं, लेकिन नया Recall फीचर अब भी उन एप्स में दिख रहे कंटेंट को खतरे में डालता है, जो प्राइवेसी को प्राथमिकता देते हैं, जैसे कि Signal।”
उन्होंने कहा, “माइक्रोसॉफ्ट ने हमें कोई और विकल्प नहीं छोड़ा, इसलिए हम Windows 11 पर सिग्नल डेस्कटॉप के लिए डिफॉल्ट रूप से अतिरिक्त सुरक्षा परत जोड़ रहे हैं, भले ही इससे कुछ उपयोगिता में समझौता हो।”
Recall एक AI आधारित फीचर है जो हर कुछ सेकेंड में यूजर की स्क्रीन का स्क्रीनशॉट लेकर एक खोजी जा सकने वाले डाटाबेस में सेव करता है। इसका उद्देश्य यह है कि यूजर बाद में किसी वेबसाइट, ईमेल या बातचीत को याद करने के लिए इन तस्वीरों की मदद ले सकें।
हालांकि, इसके शुरू होते ही इसे भारी आलोचना झेलनी पड़ी और माइक्रोसॉफ्ट को इसे दो बार टालना पड़ा। अब यह फीचर एक opt-in विकल्प है और इसमें डेटा एन्क्रिप्शन व सेंसिटिव कंटेंट फिल्टर जैसे फीचर शामिल हैं, लेकिन फिर भी सिग्नल इससे संतुष्ट नहीं है।
कैसे करता है काम?
Windows 11 में सिग्नल की यह Screen Security सुविधा डिजिटल राइट मैनेजमेंट (DRM) तकनीक पर आधारित है, वही तकनीक जो नेटफ्लिक्स जैसे प्लेटफॉर्म की वीडियो को स्क्रीनशॉट लेने से रोकती है।
माइक्रोसॉफ्ट की डेवलपर गाइड में भी कहा गया है कि अगर कोई एप DRM का इस्तेमाल करता है, तो उसका कंटेंट Recall या किसी अन्य स्क्रीनशॉट एप से नहीं देखा जा सकेगा। इसीलिए सिग्नल का यह तरीका तकनीकी रूप से किसी नियम का उल्लंघन नहीं करता।