अब पेटीएम मनी एप से हर कोई कर सकता है स्टॉक मार्केट में निवेश, जारी हुआ नया अपडेट

प्रदीप पाण्डेय
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीप्रदीप पाण्डेय
Mon, 28 Sep 2020 05:20 PM IST
Paytm Money opens Stockbroking for all, targeting 10 lakh investors this fiscal
paytm money - फोटो : amarujala

    घरेलू वित्तीय सेवा प्रदाता कंपनी पेटीएम ने आज घोषणा की है कि इसकी पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी पेटीएम मनी ने देश में सभी के लिए स्टॉक ब्रोकिंग की सुविधा शुरू कर दी है। कंपनी का लक्ष्य इस वित्त वर्ष में 10 लाख से अधिक निवेशकों को जोड़ना है, जिसमें अधिकतर छोटे शहरों और कस्बों से आने वाले फर्स्ट टाइम यूजर्स होंगे। इस प्रयास का उद्देश्य उत्पाद के आसान उपयोग, कम मूल्य निर्धारण (डिलीवरी ऑर्डर पर जीरो ब्रोकरेज, इंट्राडे के लिए 10 रुपये) और डिजिटल केवाईसी के साथ पेपरलेस खाता खोलने के साथ निवेश को प्रोत्साहित करना तथा अधिक-से-अधिक लोगों तक पहुंचना है।

    पेटीएम मनी का दावा है कि शुरुआत में ही उसने 2.2 लाख से अधिक निवेशकों को अपने साथ जोड़ लिया। इनमें से 65 फीसदी यूजर्स 18 से 30 वर्ष के आयु वर्ग में हैं। अधिकतर यूजर्स मुंबई, बैंगलूरू, हैदराबाद, जयपुर और अहमदाबाद से हैं। इसके अलावा ठाणे, गुंटूर, बर्धमान, कृष्णा, और आगरा जैसे छोटे शहरों के लोगों ने पेटीएम मनी के जरिए निवेश किया है। पेटीएम मनी आईओएस, एंड्रॉइड और वेब तीनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। पेटीएम मनी एप शेयरों पर निवेश, व्यापार और सर्च के लिए प्राइस अलर्ट और एसआईपी सेट करने के लिए आसान इंटरफेस प्रदान करता है।

    इसकी लॉन्चिंग पर पेटीएम मनी के सीईओ, वरुण श्रीधर ने कहा, 'हमारा उद्देश्य वेल्थ मैनेजमेंट सेवाओं को आबादी के बड़े हिस्से तक पहुंचाना है, जो आत्मानिर्भर भारत के लक्ष्य में योगदान करेगी। हमारा मानना है कि यह मिलेनियल और नए निवेशकों को उनके वेल्थ पोर्टफोलियो के निर्माण में सक्षम बनाने का समय है। प्रौद्योगिकी पर आधारित हमारे समाधान शेयर में निवेश को सरल और आसान बनाता है।'

    पेटीएम मनी में बिल्ट-इन ब्रोकरेज कैलकुलेटर के साथ, निवेशक लेनदेन शुल्क का पता लगा सकते हैं और शेयरों को लाभ पर बेचने के लिए ब्रेक-इवेन प्राइस जान सकते हैं। इसके अलावा, स्टॉक ट्रेडिंग के अनुभव को और बेहतर बनाने के लिए एडवांस्ड चार्ट और अन्य विकल्प जैसे कवर चार्ट तथा ब्रैकेट ऑर्डर भी जोड़े गए हैं।

    और पढ़ें...
    Login or Signup
    अपना शहर चुनें