इन सात एप्स को अपने फोन में डाउनलोड करने की गलती कभी ना करें

इंटरनेट की बदली इस दुनिया में कस्टमर केयर स्कैम सबसे बड़ा स्कैम बन गया है। लोग गूगल पर संबंधित कंपनी के कस्टमर केयर का नंबर सर्च करते हैं, उन्हें फोन लगाते हैं और थोड़ी देर बाद उनके अकाउंट से पैसे गायब हो जाते हैं। ऐसी घटनाएं देश के किसी-ना-किसी कोने से हर रोज सुनने को मिलती हैं।
समस्या यह है कि गूगल सर्च में कस्टमर केयर का नंबर सर्च करने पर अक्सर पहला रिजल्ट फर्जी नंबर वाला होता है लेकिन लोगों को इसके बारे में जानकारी नहीं होती है। गूगल पर नंबर मिलने के बाद लोगों को लगता है कि उन्होंने असली कस्टमर केयर को फोन लगाया है लेकिन सच्चाई यह होती है कि अधिकतर मामलों में लोग फर्जी कस्टमर केयर या सीधे शब्दों में कहें तो एक फ्रॉड से बात कर रहे होते हैं।
कस्टमर केयर फ्रॉड में सबसे बड़ा हथियार रिमोट कंट्रोल वाला एप होता है। साइबर ठग या यूं कहें तो फर्जी कस्टमर केयर वाले लोगों को मैसेज के जरिए एक लिंक भेजते हैं और रिमोट एक्सेस वाले किसी एप को डाउनलोड करने के लिए बोलते हैं लेकिन लोगों को इस बात की भनक तक नहीं लगती है कि एप को डाउनलोड करने के बाद उनके फोन का पूरा एक्सेस फ्रॉड के हाथों में चला जाएगा।
ये भी पढ़ें: पांच सरकारी एप्स जो आपके फोन में होने ही चाहिए, फायदे होंगे अनेक
एप डाउनलोड करने के बाद ये ठग लोगों के फोन में स्क्रीन रिकॉर्डिंग शुरू कर देते हैं। इसके बाद यूपीआई लॉगिन के लिए बोलते हैं। इसी दौरान वे ओटीपी भी पढ़ लेते हैं। यहां आपकी जानकारी के लिए बता दें कि रिमोट कंट्रोल वाले मैलवेयर एप नहीं होते, बल्कि ये बड़े काम के एप होते हैं लेकिन जब इनका गलत इस्तेमाल होने लगता है तो ये किसी तबाही वाले हथियार से कम साबित नहीं होते। आपको बता दें कि किसी भी कंपनी का कस्टमर केयर सपोर्ट कभी भी रिमोट कंट्रोल वाले एप को डाउनलोड करने के लिए नहीं कहता है।
- TeamViewer QuickSupport
- Microsoft Remote desktop
- AnyDesk Remote Control
- AirDroid: Remote access and File
- AirMirror: Remote support and Remote control devices
- Chrome Remote Desktop
- Splashtop Personal- Remote Desktop