Selmon Bhoi: हिट एंड रन पर आधारित गेम पर लगा बैन, सलमान खान ने ही ठोका था मुकदमा
Selmon Bhoi गेम पर मुंबई सिविल कोर्ट ने बैन लगा दिया है और इस गेम को डेवलप करने वाली कंपनी को इस गेम को एप स्टोर से हटाने और इससे जुड़े सभी तरह के कंटेंट को सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से डिलीट करने का आदेश दिया है,

विस्तार
सलमान खान का हिट एंड रन मामला तो आपको याद ही होगा, लेकिन इस मामले पर एक गेम लॉन्च हुआ है जिसके बारे में बहुत ही कम लोगों को जानकारी है। हिट एंड रन मामले पर आधारित इस गेम का नाम है Selmon Bhoi, सेलमॉन भोई। इस गेम को हाल ही में एप स्टोर पर उपलब्ध कराया गया था।
अब इस Selmon Bhoi गेम पर मुंबई सिविल कोर्ट ने बैन लगा दिया है और इस गेम को डेवलप करने वाली कंपनी को इस गेम को एप स्टोर से हटाने और इससे जुड़े सभी तरह के कंटेंट को सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से डिलीट करने का आदेश दिया है, हालांकि खबर लिखे जाने तक यह गेम गूगल प्ले-स्टोर पर उपलब्ध था। इस गेम को प्ले-स्टोर पर अभी तक 10 हजार से अधिक बार डाउनलोड किया गया है और इसे पुणे की पैरोडी स्टूडियोज ने तैयार किया है।
सिविल कोर्ट के जज के.एम जैसवाल ने गेम की कंपनी पैरोडी स्टूडियोज को गेम को लॉन्च-रीलॉन्च और सलमान खान से जुड़े किसी भी तरह के कंटेंट तैयार करने पर रोक लगा दी है। जज ने कंपनी को कड़े शब्दों में कहा है कि सलमान को लेकर किसी तरह का कोई बयान ना दे और ना ही गेम को प्ले-स्टोर या किसी अन्य एप स्टोर पर प्लेयर्स के लिए उपलब्ध कराए। इस मामले में अगली सुनवाई 20 सितंबर को होगी।
सलमान खान ने गेम कंपनी पर किया था मुकदमा
बता दें कि कुछ दिन पहले ही इस गेम को लेकर सलमान खान और उनकी लीगल टीम ने पैरोडी स्टूडियोज पर इस गेम को लेकर केस किया था। इस गेम के लिए सलमान खान या उनके परिवार से इजाजत भी नहीं ली गई थी। इस मामले को लेकर गूगल LLC और गूगल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड पर भी केस हुआ है।
यह गेम पूरी तरह से हिट एंड रन केस पर आधारित है। गेम के धंब के लिए भी सलमान खान के कार्टून फोटो का इस्तेमाल किया गया है। इस गेम में तीन स्टेज हैं। पही स्टेज में सेल्मोन भोई एक पार्क सी जगह पर हिरनों और इंसान जैसे दिखने वाले कैरेक्टर पर गाड़ी चढ़ाकर मारता है।