होमगार्ड ने बनाया शानदार एप, कामचोरी करने वालों की होगी पहचान

महाराष्ट्र होमगार्ड ने अपने कर्मचारियों की तैनाती में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए वेब आधारित एक एप्लीकेशन विकसित किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एप से बल में, काम से बचने वाले लोगों की पहचान करने और उन्हें बाहर करने में भी मदद मिलेगी। अधिकारी के मुताबिक, एप्लीकेशन से सुनिश्चित हो सकेगा कि होम गार्ड जवानों की ड्यूटी आवंटित करने में कोई पक्षपात नहीं होगा।
शीर्ष अधिकारी ने बताया, ‘‘इस साल फरवरी में अपने यहां ही इसे तैयार करने का काम शुरू हुआ था और अब यह लगभग पूरा हो गया है। परीक्षण के दौरान एप को संतुष्टिप्रद माना गया है। आने वाले समय में इसे औपचारिक रूप से शुरू किया जाएगा।’’
राज्य होमगार्ड के महानिदेशक संजय पांडे ने ‘पीटीआई’ को बताया, ‘‘विभाग में व्याप्त कुछ खामियों पर विचार करते हुये हमने तकनीक की मदद लेने और अपना खुद का सॉफ्टवेयर तैयार करने का निर्णय लिया जिससे ना केवल पूरे महाराष्ट्र में ऑनलाइन रिपोर्टिंग और तैनाती के कार्य का केंद्रीकरण होगा बल्कि तैनाती में भी पारदर्शिता आएगी।’’