Cyber Crime: सरकार ने Wingo App को किया ब्लॉक, हर दिन 1.53 करोड़ लोगों को भेज रहा था साइबर फ्रॉड वाले मैसेज
सरकार ने बड़े पैमाने पर SMS फ्रॉड की शिकायतों के बाद Wingo एप पर सख्त कार्रवाई की है। यह एप यूजर्स के फोन से धोखाधड़ी वाले मैसेज भेजकर उन्हें अनजाने में साइबर अपराध नेटवर्क का हिस्सा बना रहा था।

विस्तार
मोबाइल यूजर्स को निशाना बनाकर चल रहे एक बड़े SMS फ्रॉड रैकेट का खुलासा होने के बाद केंद्र सरकार ने विंगो (Wingo) एप को ब्लॉक कर दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, यह एप यूजर्स के फोन का इस्तेमाल कर बड़े पैमाने पर मैसेज आधारित साइबर अपराधों को अंजाम दे रहा था। यह कार्रवाई केंद्रीय गृह मंत्रालय और उसकी एंटी-साइबर क्राइम एजेंसी इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) ने की है।
यूजर्स अनजाने में बन रहे थे शिकार
हैरानी की बात यह है कि विंगो एप ने खुद को गूगल प्ले स्टोर पर एक "मल्टीप्लेयर गेम" के तौर पर लिस्ट किया था। लोग इसे एक मनोरंजन एप समझकर डाउनलोड करते थे, जिसमें एक साथ कई लोग लाइव गेम खेल सकते थे। लेकिन इस गेम की आड़ में एक बेहद खतरनाक खेल चल रहा था। सरकार को इस एप के खिलाफ बड़ी संख्या में शिकायतें मिली थीं, जिसके बाद इसके काले कारनामों का खुलासा हुआ।
'टेलीकॉम म्यूल' का हो रहा था इस्तेमाल
साइबर सुरक्षा की भाषा में विंगो को "टेलीकॉम म्यूल एज अ सर्विस" (Telecom Mule as a Service) एप कहा गया है। सरल भाषा में कहें तो, यह एप लोगों को छोटे-छोटे टास्क पूरे करने के बदले पैसे देने का लालच देता था। जैसे ही कोई यूजर इसे डाउनलोड करता, यह एप उस यूजर के फोन का कंट्रोल अपने हाथ में ले लेता और बैकग्राउंड में यूजर के नंबर से दूसरों को धोखाधड़ी वाले एसएमएस (SMS) भेजना शुरू कर देता था।
इसका मतलब यह है कि अपराधी यूजर फोन को एक 'डाकिये' की तरह इस्तेमाल कर रहे थे। ठगी के मैसेज यूजर के नंबर से जा रहे थे, जिसकी वजह से पुलिस की जांच में वे अपराधी नजर आ सकते थे, जबकि उन्हें पता भी नहीं होता कि उनके फोन से क्या हो रहा है।
करोड़ों लोगों तक फैला ठगी का जाल
- इस नेटवर्क के जरिए हर दिन करीब 1.53 करोड़ लोगों को ठगी वाले एसएमएस भेजे जा रहे थे।
- लगभग 1.53 लाख लोग मामूली कमाई के लालच में इस एप का हिस्सा बन चुके थे और अनजाने में अपराध में मदद कर रहे थे।
- सरकार ने न केवल एप को ब्लॉक किया है, बल्कि इसे बढ़ावा देने वाले 50 से ज्यादा यूट्यूब वीडियो और 1.53 लाख मेंबर्स वाले 4 टेलीग्राम चैनलों को भी बंद कर दिया है।
सरकार की बड़ी कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए गृह मंत्रालय और I4C ने एप के कमांड एंड कंट्रोल सेंटर को जियो-ब्लॉक कर दिया है, जिससे अब यह भारत में काम नहीं कर पाएगा। विशेषज्ञों की सलाह है कि प्ले स्टोर से एप डाउनलोड करते समय सावधानी बरतें और विशेष रूप से उन एप्स से दूर रहें जो आपको एसएमएस भेजने या फोन के हार्डवेयर का इस्तेमाल करने के बदले पैसे देने का वादा करते हैं।
- एआई की रेस में भारत की एंट्री: शुरू हुआ AI रिसर्च संगठन, पांच साल में मिलेगी 300 करोड़ रुपये की फंडिंग
- Khaby Lame: खामोश रहकर कमाए 8,980 करोड़! अब पूरी दुनिया में धूम मचाएगा इस टिकटॉक स्टार का 'AI क्लोन'
- Tips: अच्छे कंटेंट के बावजूद इंस्टाग्राम पर नहीं बढ़ रहे फॉलोअर्स? ये सीक्रेट्स आपकी हर पोस्ट को बनाएंगे वायरल
- Apple ने रचा नया रिकॉर्ड: दुनियाभर में 2.5 अरब एक्टिव डिवाइस, भारत बना ग्रोथ का बड़ा केंद्र