जल्दी ही एंड्रॉयड के टेक्स्ट मैसेज भी होंगे एंड टू एंड एंक्रिप्टेड, Google कर रहा तैयारी

यदि आप भी एंड्रॉयड फोन के मैसेंजर एप की सिक्योरिटी को लेकर चिंतित हैं तो यह खबर आपके लिए है। गूगल (Google) ने कहा है कि वह जल्द ही वह एंड्रॉयड यूजर्स के लिए एंड टू एंड एंक्रिप्शन फीचर लाने वाला है। एंड टू एंड एंक्रिप्शन होने के बाद एंड्रॉयड फोन का मैसेंजर भी पूरी तरह से सिक्योर होगा और मैसेज की जानकारी मैसेज सिर्फ भेजने वाले और प्राप्त करने के पास ही रहेगी। यानी दो लोगों के अलावा मैसेज को कोई भी पढ़ नहीं सकेगा।
गूगल ने कहा है कि वह जल्द ही एसएमएस के साथ रीच कम्यूनिकेशन सर्विस (RCS) फीचर के साथ जोड़ने वाला है। जल्द ही इसे तमाम एंड्रॉयड डिवाइस के लिए जारी किया जाएगा। एंड टू एंड एंक्रिप्शन पहले से ही फेसबुक के स्वामित्व वाले व्हाट्सएप (WhatsApp) पर है। वहीं टेलीग्राम भी एंड टू एंड एंक्रिप्टेड है।
गौरतलब है कि गूगल ने कुछ दिन पहले ही एंड्रॉयड मैसेजिंग एप गूगल मैसेज के लिए नया अपडेट जारी किया है। नए अपडेट के बाद मैसेज कैटेगरी में बंट जाएंगे। उदाहरण के तौर पर ओटीपी वाले सभी मैसेज एक जगह और ट्रांजेक्शन वाले एक जगह दिखेंगे। गूगल इस मैसेजिंग फीचर की टेस्टिंग लंबे समय से कर रहा था और अब कई यूजर्स को नया अपडेट मिलने भी लगा है।
बता दें कि इस फीचर को सबसे पहले सैमसंग ने जारी किया था। उसके बाद आईओएस 14 के साथ भी यह फीचर मिलने लगा है। नए अपडेट के बाद एंड्रॉयड मैसेजिंग एप में पर्सनल, ट्रांजेक्शन, ओटीपी, ऑफर्स और ट्रेवल जैसी कई कैटेगरी मिलेंगी, हालांकि नए अपडेट के बाद भी यह फीचर मैसेजिंग एप में डिफॉल्ट रूप से ऑन नहीं रहेगा। इसे आप मीनू सेटिंग्स से गूगल मैसेज एप में जाकर ऑन और ऑफ कर सकेंगे।