Google Meet हुआ 10 करोड़ डाउनलोड, महज 50 दिन में पांच करोड़ लोगों ने किया इंस्टॉल

संक्रमण फैलने के बाद पूरी दुनिया में वीडियो कॉलिंग एप और वेबसाइट की मांग बढ़ गई है। शुरुआत में जूम एप को लोगों ने खूब इस्तेमाल किया जिसके बाद बाजार को देखते हुए गूगल ने भी अपने वीडियो कॉलिंग एप गूगल मीट (Google Meet) को लेकर कई सारे अपडेट जारी किए। पहले गूगल मीट का इस्तेमाल सिर्फ जीसूट यूजर्स ही कर सकते थे लेकिन अब यह सभी के लिए उपलब्ध है। गूगल मीट ने अब एक नए मुकाम को हासिल किया है।
गूगल मीट एप को 10 करोड़ लोगों ने गूगल प्ले-स्टोर से डाउनलोड कर लिया है। महज 50 दिन में गूगल मीट की डाउनलोडिंग दोगुनी हुई है। इसकी जानकारी एप ट्रैफिक बताने वाली साइच एपब्रेन (AppBrain) ने दी है। एपब्रेन की रिपोर्ट के मुताबिक 17 मई तक गूगल मीट के डाउनलोड्स पांच करोड़ थे जो कि सात जुलाई तक 10 करोड़ के आंकड़े को पार कर गए।
ये भी पढ़ें: एंड्रॉयड वायरस से पूरी दुनिया की जासूसी कर रहे चीन के हैकर्स, 2013 से चल रहा खेल
गूगल मीट के डाउनलोड होने का सबसे बड़ा कारण इसका फ्री होना है जिसकी घोषणा कंपनी ने इसी साल मई में की थी। गूगल मीट को कोई भी अपने जीमेल अकाउंट से एप या वेबसाइट पर एक्सेस कर सकता है। गूगल मीट को लेकर कंपनी लगातार अपडेट भी जारी कर रही है। हाल ही में गूगल मीट में बैकग्राउंड न्वॉयज को ऑटोमेटिक खत्म करने का फीचर जारी हुआ है। गूगल मीट के जरिए 250 लोग एक साथ वीडियो कॉलिंग कर सकते हैं।
बता दें कि हाल ही में जियो ने जियोमीट वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग एप पेश किया है जिसकी मदद से 100 लोग एक साथ वीडियो कॉलिंग कर सकते हैं। जियोमीट पूरी तरह से एक फ्री एप है जिसे कोई भी मोबाइल नंबर या ई-मेल आईडी से लॉगिन करके इस्तेमाल कर सकता है। इसमें ऑडियो-वीडियो म्यूट करने का भी फीचर दिया गया है। जियोमीट एप काफी हद तक जूम एप की तरह है।