Covid-19: प्ले-स्टोर पर फर्जी CoWIN एप की भरमार, स्वास्थ्य मंत्रालय ने किया सतर्क

भारत सरकार ने कोरोना की वैक्सीन लगवाने से पहले रजिस्ट्रेशन के लिए CoWIN एप लॉन्च करने का एलान किया है। सरकार ने आधिकारिक तौर पर अभी तक CoWIN एप को लॉन्च नहीं किया है लेकिन गूगल प्ले-स्टोर पर आपको कई CoWIN एप मिल जाएंगे। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि गूगल प्ले-स्टोर पर मौजूद सभी CoWIN एप फर्जी हैं। असली एप का नाम Co-WIN है जिसे अभी प्ले-स्टोर पर उपलब्ध नहीं कराया गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने भी फर्जी CoWIN एप को लेकर लोगों को आगाह किया है और डाउनलोड न करने की सलाह दी है।
वैक्सीन लगवाने वालों का रहेगा पूरा लेखा-जोखा
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से कहा गया है कि Co-WIN एक ऐसा मोबाइल एप है जो फ्री में डाउनलोडिंग के लिए सभी को उपलब्ध होगा। इस एप में टीकाकरण की प्रक्रिया से लेकर प्रशासनिक क्रिया-कलापों, टीकाकरण कर्मियों और जिन्हें वैक्सीन दी जानी है, उनकी पूरी जानकारी रहेगी। इसमें सेल्फ रजिस्ट्रेशन का भी विकल्प होगा। किसी पंचायत का मुखिया भी अपने पंचायत के लोगों के टीकाकरण के लिए इस एप से अप्लाई कर सकेगा।
तीन चरण में होगा टीकाकरण
भारत में कोरोना टीकाकरण का काम शुरुआती तौर पर तीन चरणों में होगा। इसमें चरणवार ढंग से लोगों को टीका लगाया जाएगा। पहले चरण में स्वास्थ्यकर्मियों (हेल्थकेयर प्रोफेशनल्स) को और दूसरे चरण में आपातकालीन सेवाओं से जुड़े लोगों को कोरोना वैक्सीन दी जाएगी। राज्य सरकारों को इन लोगों का डाटा इकट्ठा करने का जिम्मा मिला है। वहीं तीसरे चरण में उन लोगों को टीका लगेगा जो किसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं। इन सभी का Co-WIN एप पर ही रजिस्ट्रेशन होगा।
Co-WIN एप के हैं पांच मॉड्यूल
स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक Co-WIN एप में पांच मॉड्यूल हैं जिनमें प्रशासनिक मॉड्यूल, दूसरा रजिस्ट्रेशन मॉड्यूल, तीसरा वैक्सीनेशन मॉड्यूल, चौथा लाभान्वित स्वीकृति मॉड्यूल और पांचवां रिपोर्ट मॉड्यूल शामिल हैं। इनमें से पहला मॉड्यूल प्रशासनिक मॉड्यूल है जिसमें वैक्सीन के लिए सेशन का निर्धारण होगा और टीका लगवाने वाले लोगों और प्रबंधकों को नोटिफिकेशन भेजा जाएगा।
रजिस्ट्रेशन मॉड्यूल में आप खुद वैक्सीन के लिए रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे। इस मॉड्यूल के लिए कोई संस्था थोक में उन लोगों का रजिस्ट्रेशन कर सकती है, जिन्हें वैक्सीन की जरूरत है। लाभान्वित स्वीकृति मॉड्यूल में क्यूआर कोड आधारित एक टीकाकरण सर्टिफिकेट मिलेगा। राजेश भूषण के मुताबिक देश में उन सभी लोगों को टीका लगेगा, जो लगवाना चाहते हैं।
- Galaxy S21 Series: 2010 में आई थी पहली S सीरीज, जानें 10 सालों में कितना बदला सैमसंग का फ्लैगशिप
- Samsung Big Tv Days Sale: स्मार्ट टीवी 20% का पर कैशबैक, फ्री में मिलेगा स्मार्टफोन
- Xiaomi के सात Smart TV एक साथ हुए महंगे, 3000 रुपये तक बढ़ी कीमतें
- Mi A3 को मिला दूसरा Android 11 अपडेट, पहले अपडेट के बाद खराब हुए थे कई फोन