भारत सरकार ने लॉन्च किया डिजिटल कैलेंडर और डायरी एप, हर महीने होगी अलग थीम

प्रदीप पाण्डेय
टेक डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्लीप्रदीप पाण्डेय
Fri, 08 Jan 2021 05:42 PM IST
Digital Calendar and Diary App launch of Indian government by Information Broadcasting Minister Prakash Javadekar
Digital Calendar and Diary App launch - फोटो : ani

    भारत सरकार का डिजिटल कैलेंडर और डायरी एप लॉन्च हो गया है। यह पहला मौका है जब सरकारी कैलेंडर और डायरी को डिजिटल रूप में पेश किया गया है। डिजिटल कैलेंडर और डायरी की लॉन्चिंग केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने की है। डिजिटल कैलेंडर और डायरी एप को फिलहाल हिंदी और अंग्रेजी में उपलब्ध कराया गया है, जल्द ही इसे अन्य 15 भाषाओं में लॉन्च किया जाएगा। कैलेंडरी और डायरी की थीम हर महीने बदली जाएगी।

    पांच करोड़ रुपये बचेंगे: मंत्रालय

    सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने शुक्रवार को 2021 के लिए डिजिटल कैलेंडर और डायरी की शुरुआत कर बताया कि इससे कैलेंडर की छपाई पर आने वाले खर्च में करीब पांच करोड़ रुपये की बचत होगी।

    नेशनल मीडिया सेंटर में एप की शुरुआत की गई। केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने एक बटन दबाकर कैलेंडर और डायरी के लिए एंड्रायड और आईओएस एप की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि हर साल हम 11 लाख कैलेंडर और 90,000 डायरी छपवाते हैं लेकिन इस साल यह डिजिटल प्रारूप में है।

    महापुरुषों का होगा जिक्र

    पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) के प्रमुख के एस धतवालिया ने बताया कि पिछले साल कैलेंडर और डायरी छपवाने में सात करोड़ रुपये खर्च हुए थे, लेकिन इस बार डिजिटल प्रारूप में होने के कारण मंत्रालय को करीब दो करोड़ रुपये की लागत आई। इस अवसर पर जावड़ेकर ने खुशी जताई कि दीवारों पर लगाया जाने वाला कैलेंडर अब मोबाइल फोन में उपलब्ध होगा।

    जावड़ेकर ने कहा कि यह एप हर साल नए कैलेंडर की जरूरत पूरी करेगा। हर महीने का एक विषय निर्धारित होगा और उसमें संदेश दिए जाएंगे और एक महापुरुष का जिक्र होगा। एप लोगों को विभिन्न सरकारी कार्यक्रमों की शुरुआत की टाइमलाइन के बारे में भी बताएगा।

    15 जनवरी से 11 भाषाओं में उपलब्ध होगा

    एप की डायरी के बारे में उन्होंने कहा कि डायरी के कारण कैलेंडर में और खासियतें जुड़ गई हैं। दूसरे डिजिटल कैलेंडर एप की तुलना में इसमें ज्यादा विशेषताएं हैं और यह इस्तेमाल करने में भी आसान है। उन्होंने कहा कि ‘जीओआई कैलेंडर’ एप निशुल्क है और यह 15 जनवरी से 11 भाषाओं में उपलब्ध होगा।

    सूचना और प्रसारण मंत्रालय के ‘ब्यूरो ऑफ आउटरीच एंड कम्युनिकेशन’ ने एप को डिजाइन और विकसित किया है। मंत्रालय ने कहा कि फिलहाल यह हिंदी और अंग्रेजी भाषा में उपलब्ध है और जल्द ही इसे 11 अन्य क्षेत्रीय भाषाओं में उपलब्ध कराया जाएगा।

    और पढ़ें...
    Login or Signup
    अपना शहर चुनें