खुशखबरी: Clubhouse का एंड्रॉयड एप अगले महीने होगा लॉन्च, सीईओ ने किया खुलासा
ट्विटर ने ऑडियो ओनली फीचर को Twitter Spaces के नाम से पेश करेगा जो कि एंड्रॉयड और आईओएस दोनों के लिए उपलब्ध होगा।

विस्तार
पिछले कुछ दिनों से वायरल हो रहे ऑडियो सोशल मीडिया एप Clubhouse की काफी चर्चा है। हर कोई क्लबहाउस ज्वाइन करना चाह रहा है लेकिन दिक्कत यह है कि फिलहाल यह इनवाइट के जरिए ही एक्सेस किया जा सकता है और फिलहाल यह केवल आईओएस के लिए ही है। अब कंपनी ने इसके एंड्रॉयड वर्जन को भी लॉन्च करने की प्लानिंग कर ली है।
Clubhouse के सीईओ और को-फाउंडर पॉल डेविसन (Paul Davison) ने माइक्रोसॉफ्ट के को-फाउंडर बिल गेट्स को दिए एक इंटरव्यू में कहा है कि Clubhouse के एंड्रॉयड वर्जन पर तेजी से काम चल रहा है। Clubhouse का एंड्रॉयड वर्जन अगले महीने लॉन्च हो सकता है।
बता दें कि फेसबुक और ट्विटर जैसी कई अन्य कंपनियां भी क्लबहाउस जैसे ऑडियो ओनली एप पर काम कर रही हैं। ट्विटर ने ऑडियो ओनली फीचर को Twitter Spaces के नाम से पेश करेगा जो कि एंड्रॉयड और आईओएस दोनों के लिए उपलब्ध होगा।
एंड्रॉयड डेवलपर Mopewa Ogundipe (@mopewa_o) के एक ट्विटर टीजर से भी इस बात की पुष्टि हुई है कि Clubhouse का एंड्रॉयड वर्जन जल्द ही लॉन्च होगा। टीजर में गूगल पिक्सल स्मार्टफोन में Clubhouse एप को देखा जा सकता है।
Clubhouse को पिछले साल अप्रैल में लॉन्च किया गया था और फरवरी 2021 तक इसे 10 मिलियन लोगों ने डाउनलोड कर लिया था। इसकी जानकारी एप इंटेलिजेंस फर्म सेंसर टॉवर ने दी है। इससे पहले इसी महीने कंपनी ने मोनेटाइजेशन फीचर भी लॉन्च किया है ताकि क्रिएटर्स की कमाई हो सके।
गौरतलब है कि मल्टीमीडिया इंस्टैंट मैसेजिंग एप Telegram ने हाल ही में Telegram Voice Chats 2.0 नाम से एक फीचर लॉन्च किया है जो कि ऑडियो ओनली चैटिंग प्लेटफॉर्म है। इसमें अनलिमिटेड लोगों के साथ वॉयस कॉल किया जा सकता है।