न्यू वर्क लोकेशन टूल: गूगल कर्मियों को शहर के मुताबिक मिलेगा वेतन, खुद कर सकेंगे गणना
दुनिया की अग्रणी आईटी कंपनी गूगल ने अपने कर्मचारियों को यह बताने कि लिए उन्हें अमुक स्थान पर काम करने पर कितना वेतन मिलेगा, एक वर्क लोकेशन टूल जारी किया है।

विस्तार
दुनिया की महारथी आईटी कंपनी गूगल ने अपने कर्मचारियों के लिए वर्क लोकेशन टूल जारी किया है। इससे कर्मचारी यह पता लगा सकेंगे कि उन्हें किस शहर या जगह से काम करने पर कितना वेतन मिलेगा। उन्हें यह भी पता चलेगा कि कहां से काम करने पर कितना लाभ होगा। कार्यस्थल के मुताबिक उनका वेतन परिवर्तित हो सकेगा। इससे संबंधित मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि गूगल के कर्मचारियों का पारिश्रमिक संबंधित क्षेत्र या कार्यस्थल की दरों के मुताबिक समायोजित किया जाएगा।
मई में साझा किया था हाईब्रिड वर्क प्लान, भारत में वर्क फ्रॉम होम जारी रहेगा
इससे पहले गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई ने मई के आरंभ में हाइब्रिड वर्क मॉडल अपनाने की अपनी योजना साझा की थी। इसमें कर्मचारी सप्ताह में तीन दिन आफिस आएंगे और दो दिन वे वहां से काम कर सकेंगे, जिस जगह को वे सबसे उपयुक्त पाएंगे। हालांकि नया हाईब्रिड वर्क प्लान उन्हीं देशों में लागू किया जाएगा, जहां कोरोना वायरस का कहर कम पड़ गया है। भारत व ब्राजील जैसे देशों में गूगल कर्मचारी अपने घरों से ही काम करते रहेंगे।
छोटे शहरों में तबादला कराया तो घटेगा वेतन
सीनेट की रिपोर्ट के अनुसार न्यू लोकेशन टूल में कहा गया है कि यदि कोई गूगल कर्मचारी छोटे शहर या जगह से काम करता है तो उसका वेतन कम हो जाएगा। उदाहरण के लिए यदि कोई कर्मचारी न्यूयॉर्क या सैनफ्रांसिस्को के बाहर किसी जगह से काम करना चाहता है और वहां के लिए वह तबादला कराता है तो उसका वेतन कम हो जाएगा। वहीं वह इन बड़े शहरों में काम करता रहता है तो उसे वहां की दरों के मुताबिक वेतन मिलेगा।
इसके अलावा गूगल कर्मचारी साल में चार सप्ताह तक अपने वर्तमान कार्यस्थल से दूसरे पसंदीदा स्थान से काम कर सकेंगे। इससे गर्मी की छुट्टियों के दिनों में कंपनी के कर्मचारियों को राहत मिलेगी। वे उन ठंडे इलाकों में रहते हुए काम कर सकेंगे।