नए साल में तीन फोल्डेबल स्मार्टफोन लॉन्च करेगी Xiaomi, सैमसंग को मिलेगी कड़ी टक्कर

Xiaomi नए साल में तीन फोल्डेबल स्मार्टफोन लॉन्च करने की तैयारी में है। इसकी पुष्टि खुद रोद योंग (Ross Young) ने की है जो कि डिस्प्ले सप्लाई चेन के सीईओ हैं। उन्होंने ट्वीट करके बताया है कि शाओमी के फोल्डेबल फोन का प्रोडक्शन चल रहा है। योंग ने अपने एक ट्वीट में कहा है कि सैमसंग गैलेक्सी फोल्ड 3 की दोनों डिस्प्ले छोटी हैं। बता दें कि शाओमी के अलावा सैमसंग और ओप्पो जैसी कंपनियां भी नए साल में फोल्डेबल फोन लॉन्च करने की तैयारी में हैं।
योंग के ट्वीट के मुताबिक शाओमी नए साल 2021 में तीन फोल्डेबल स्मार्टफोन के साथ बाजार में धमाकेदार एंट्री करेगी। शाओमी की लिस्ट में तीन डिजाइन वाले फोन हैं जिनमें आउट फोल्डिंग, इन फोल्डिंग और क्लैमशेल शामिल हैं। एक अन्य रिपोर्ट में दावा किया गया है कि शाओमी ने फोल्डेबल फोन की डिस्प्ले के लिए सैमसंग और एलजी से डील की है।
OLED रिसर्च फर्म UBI के मुताबिक सैमसंग Galaxy Z Flip 2 में 6.7 इंच की इंटरनल डिस्प्ले होगी, जबकि एक्सटर्नल डिस्प्ले की साइज 3 इंच की होगी। वहीं रिपोर्ट में कहा गया है कि Galaxy Z Fold 3 में 7 इंच और 4 इंच की दो डिस्प्ले मिलेंगी।
शाओमी के अपकमिंग फोल्डिंग फोन को लेकर कोई खास जानकारी तो उपलब्ध नहीं है लेकिन यह तय है कि सैमसंग से कड़ा मुकाबला होने वाला है, क्योंकि फोल्डेबल फोन के बाजार में इस वक्त सबसे मजबूत खिलाड़ी सैमसंग ही है।