भारत में जल्द ही लॉन्च होगी Thomson की वाशिंग मशीन, कीमत 7,000 रुपये से कम

भारतीय स्मार्ट टीवी बाजार में अपनी मजबूत पकड़ बनाने के बाद फ्रांस की इलेक्ट्रॉनिक कंपनी थॉमसन (Thomson) अब वॉशिंग मशीन मार्केट में एंट्री को तैयार है। थॉमसन के लाइसेंस से भारत में टीवी का प्रोडक्शन करने वाली कंपनी सुपर प्लास्ट्रोनिक्स (SPPL) जल्द ही भारत में वॉशिंग मशीन पेश करने वाली है। थॉमसन के वॉशिंग मशीन की बिक्री एक्सक्लूसिव तौर पर फ्लिपकार्ट से होगी।
कंपनी के बयान के मुताबिक थॉमसन के सेमी ऑटेमेटिक वॉशिंग मशीन 23 जून से फ्लिपकार्ट पर उपलब्ध हो जाएंगी। एसपीपीएल के सीईओ अवनीत सिंह मारवा ने अपने एक बयान में कहा है कि कंपनी अप्लायंस बाजार में अपनी पकड़ बनाने के लिए अगले पांच सालों में 100 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।
थॉमसन की वॉशिंग मशीन की शुरुआती कीमत 6,999 रुपये होगी। यह कीमत 6.5 किलोग्राम के सेमी ऑटोमेटिक वॉशिंग मशीन की होगी। मारवा ने बताया कि सभी वॉशिंग मशीन पूरी तरह से मेड इन इंडिया होंगी।
वॉशिंग मशीन का निर्माण कंपनी के देहरादून प्लांट में होगा, वहीं अगले दो साल के अंदर उत्तर प्रदेश में प्लांट के शुरू होने की प्लानिंग है। बता दें कि 70 लाख यूनिट्स के साथ भारत में वॉशिंग मशीन का बाजार 10,000 करोड़ रुपये का है। वॉशिंग मशीन के बाजार में एलजी, सैमसंग और गोदरेज जैसी कंपनियों का बोलबाला है।