सावधान: सिर्फ एक मैसेज भेजकर क्रैश किया जा सकता है आपका आईफोन

यदि आप भी कोई आईफोन, एपल वॉच, आईपैड या मैक इस्तेमाल कर रहे हैं तो आपके लिए एक बड़ी खबर है। आपका सिस्टम सिर्फ एक टेक्स्ट मैसेज से क्रैश हो सकता है।
9to5Mac की रिपोर्ट के मुताबिक इटली के झंडे वाली इमोजी और सिंधी कैरेक्टर से आईफोन समेत एपल के कई प्रोडक्ट्स क्रैश हो सकते हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि इस बग की चपेट में iOS13.4.1 पर चलने वाले सभी आईफोन शामिल हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक सिंधी कैरेक्टर और इटली के झंडे वाली इमोजी के कारण कई बार डिवाइस क्रैश हो रही है तो कई बार बिलकुल काम ही करना बंद कर दे रही है। कई बार टच कंट्रोल काम ना करने की भी शिकायत सामने आई है। हालांकि एपल ने इस बग को फिक्स करने के लिए iOS 13.4.5 अपडेट जारी कर दिया है लेकिन अभी यह फिलहाल बीटा वर्जन में है।
वहीं अभी तक इस बात की भी जानकारी नहीं मिली है सिंधी कैरेक्टर और इटली के झंडे वाली इमोजी को पहली बार किसने शेयर किया है। आईमैसेज समेत ट्विटर, फेसबुक और टेलीग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर ये कैरेक्टर शेयर हो रहे हैं।
जब तक नया अपडेट नहीं आता है तब तक इस बग से फ्री होने के लिए एक्सपर्ट का यही सुझाव है कि जब भी आपकी डिवाइस पर सिंधी कैरेक्टर या इटली के झंडे वाली इमोजी आती है तो तुरंत डिवाइस को रीबूट कर दें। इसके बाद आपकी डिवाइस क्रैश नहीं होगी। बता दें कि इसी तरह का बग साल 2018 में भी आया था जिसके बाद तेलुगु के एक कैरेक्टर के कारण आईफोन क्रैश हो रहे थे।