साउंडकोर ने भारत में पेश किया नया ब्लूटूथ ईयरपॉड, 40 घंटे तक चलेगी बैटरी

साउंडकोर ने भारतीय बाजार में अपने ट्रू वायरलेस स्टीरियो (TWS) का विस्तार करते हुए नया ईयरपॉड पेश किया है जिसे Life Note नाम दिया गया है। साउंडकोर ने दावा किया है कि इसकी बैटरी और साउंड क्वालिटी शानदार है। लाइफ नोट की बिक्री फ्लिपकार्ट से हो रही है और इसके साथ 18 महीने की वारंटी मिल रही है।
शानदार ऑडियो क्वालिटी के लिए इसमें सीवीसी 8.0 टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया गया है। साउंडकोर लाइफ नोट की कीमत 2,999 रुपये है। Soundcore Life Note एक वाटरप्रूफ केस के साथ आता है। इसके लिए इसे IPX5 की प्रोटेक्शन मिली है। कंपनी का दावा है कि इसे इस्तेमाल करना काफी आरामदायक रहेगा। लंबे समय तक इस्तेमाल करने में भी कोई परेशानी नहीं होगी।
साउंडकोर लाइफ नोट में एक्स्ट्रा बास दिया गया है जो कि बास को 43 फीसदी तक बढ़ा सकता है। इसके अलावा इसमें गेमिंग मोड में शानदार एक्सपेरियंस के लिए aptX ऑडियो टेक्नोलॉजी दी गई है। कंपनी का दावा है कि म्यूजिक स्ट्रीमिंग में लगातार सात घंटे तक का बैकअप मिलेगा, जबकि चार्जिंग केस के साथ बैटरी बैकअप 40 घंटे तक की हो जाएगी।
साउंडकोर का कहना है कि महज 10 मिनट की चार्जिंग में एक घंटे तक का प्लेटाइम मिल जाएगा। शानदार कनेक्टिविटी के लिए इसमें ब्लूटूथ 5.0 दिया गया है। क्लियर कॉलिंग के लिए इसमें चार माइक्रोफोन दिए गए हैं। प्रत्येक ईयरफोन में दो माइक्रोफोन हैं। इसमें न्वाइज कैंसिलेशन भी है।