40W तक की वायरलेस चार्जिंग के साथ भी लॉन्च होने लगे स्मार्टफोन, Huawei ने मारी बाजी

दो साल पहले तक किसी फोन को चार्ज करने में कम-से-कम दो घंटे का वक्त लगता था। स्मार्टफोन और फीचर फोन की चार्जिंग स्पीड एक ही जैसी थी लेकिन अब समय बदल गया है। लोगों के पास वक्त की कमी है। मोबाइल पहले के मुकाबले फास्ट हो गए हैं। इंटरनेट की स्पीड बढ़ गई है। हर एक चीज फास्ट हो रहा है। ऐसे में मोबाइल कंपनियां भी ऐसे में स्मार्टफोन पेश कर रहीं जिनके साथ 40वॉट तक का चार्जर मिल रहा है।
इन हाई-स्पीड चार्जर से मोबाइल की बैटरी महज 30 मिनट में 100 फीसदी हो जा रही है। कई कंपनियां अपने फोन के हाई-स्पीड चार्जर को लेकर दावा कर रही हैं कि महज पांच मिनट की चार्जिंग में पांच से छह घंटे तक का बैकअप मिल जाएगा। आइए डालते हैं हाल ही में लॉन्च हुए कुछ स्मार्टफोन पर नजर जिनके साथ अधिक वॉट का चार्जर मिला है।
हुवावे का 40 वॉट का सुपर चार्जर

हुवावे ने पिछले साल P30 सीरीज फोन को लॉन्च किया था। इस फोन के साथ 40 वॉट का चार्जर दिया था जो कि इंडस्ट्री में सबसे अधिक वॉट वाला पहला चार्जर था। पी30 सीरीज के फोन में रिवर्स वायरलेस चार्जिंग की भी सुविधा थी जिसकी मदद से दूसरे वायरलेस चार्जिंग सपोर्ट वाले फोन को चार्ज किया जा सकता था। खास बात यह थी कि इन दोनों में 15वॉट की वायरलेस चार्जिंग का भी सपोर्ट था यानी वायर और वायरलेस दोनों चार्जिंग फास्ट थी।
हुवावे पी 30 सीरीज में 50एक्स जूम दिया गया था। 40 वॉट के चार्जर की मदद से फोन को महज 30 मिनट में 70 फीसदी तक चार्ज किया जा सकता है। हुवावे ने इसी 40 वॉट के चार्जर के साथ Huawei P40 Pro सीरीज को भी पेश किया है। पी40 सीरीज के फोन में 40 वॉट की सुपर चार्जिंग के साथ 4200mAh की बड़ी बैटरी दी गई है। पी40 सीरीज की खासियत यह है कि इसमें 40 वॉट की वायर चार्जिंग के साथ 40 वॉट का ही वायरलेस चार्जिंग भी है।
ओप्पो एक्स लेम्बोर्गिनी एडिशन

ओप्पो ने अपने इस फोन के साथ 50 वॉट की चार्जिंग का सपोर्ट दिया था। ओप्पो का यह पहला फोन था जिसमें सुपर VOOC फ्लैश चार्जिंग का सपोर्ट है। इस फोन 3400एमएएच की बैटरी महज 35 मिनट में फुल चार्ज हो जाती है। ओप्पो के कई अन्य फोन जैसे ओप्पो फाइंड एक्स में भी VOOC फास्ट चार्जिंग दी गई थी।
शाओमी का 100वॉट का चार्जर

शाओमी ने दुनिया का पहला 100 वॉट का चार्जर 2019 में पेश किया था। शाओमी का यह चार्जर 4000mAh की बैटरी को महज 17 मिनट में फुल चार्ज करता है, हालांकि अभी तक किसी फोन के साथ इस चार्जर को बाजार में नहीं उतारा गया है। शाओमी के सह-संस्थापक बिन लिन ने Weibo पर एक वीडियो पोस्ट किया था जिसमें उन्होंने 100 वॉट के शाओमी के चार्जर और ओप्पो के 50 वॉट की तुलना की थी। वीडियो में दिखाया गया था कि शाओमी के 100 वॉट के चार्जर ने 17 मिनट में 4000mAh की बैटरी को फुल चार्ज कर दिया था, जबकि ओप्पो के 50 वॉट के चार्जर ने 3700mAh की बैटरी को इतने ही समय में 65 फीसदी चार्ज किया था।
वीवो का 120वॉट का चार्जर

वीवो ने पिछले साल अपने 120वॉट के चार्जर की एक झलक दिखाई थी। वीवो का यह चार्जर 4000mAh की बैटरी को महज 13 मिनट में फुल चार्जर कर सकता है, हालांकि शाओमी की तरह ही वीवो ने भी इस चार्जर को अभी तक किसी फोन के साथ पेश नहीं किया है, लेकिन उम्मीद की जा रही है कि वीवो के अपकमिंग फोन के साथ यह चार्जर बाजार में आएगा।