भारतीयों ने एक महीने में खरीद डाले 2,10,00000 स्मार्टफोन, बन गया रिकॉर्ड

कोरोना महामारी ने एक ओर जहां कुछ क्षेत्रों की कमर तोड़ दी है, वहीं कुछ क्षेत्र रिकॉर्ड -पर-रिकॉर्ड बना रहे हैं जिनमें लैपटॉप बिक्री, वर्क फ्रॉम होम गैजेट की बिक्री आदि शामिल हैं। आपको जानकर हैरानी होगी कि भारतीयों ने स्मार्टफोन खरीदने के मामले में एक नया रिकॉर्ड बना दिया है। सिर्फ एक महीने में हमने दो करोड़, 10 लाख स्मार्टफोन खरीद डाले हैं। जी हां, हम बात कर रहे हैं अक्तूबर 2020 में भारतीयों द्वारा खरीदे गए स्मार्टफोन के आंकड़ों की।
IDC की रिपोर्ट से हुआ खुलासा
IDC की रिपोर्ट के मुताबिक 2020 की तीसरी तिमाही से ही भारत में स्मार्टफोन की मांग में उम्मीद से ज्यादा का इजाफा देखने को मिला। इसके बाद सितंबर में 23 मिलियन यानी दो करोड़ 30 लाख स्मार्टफोन की बिक्री हुई, लेकिन अगले महीने यानी अक्तूबर में इस रिकॉर्ड को बरकरार रखते हुए भारतीयों ने 21 मिलियन यानी दो करोड़ 10 लाख स्मार्टफोन खरीद डाले। बताया जा रहा है कि यह बिक्री ऑनलाइन फेस्टिव और ऑनलाइन शॉपिंग में सुविधा होने की वजह से हुई है।
स्मार्टफोन की खरीदारी में महानगरों ने तोड़ा रिकॉर्ड
IDC ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि अक्तूबर महीने में स्मार्टफोन की कुल खरीदारी में दिल्ली, मुंबई, बंगलूरू, चेन्नई और कोलकाता महानगरों की भागीदारी सबसे अधिक 25 फीसदी रही है। इसके बाद जयपुर, गुड़गांव, चंडीगढ़, लखनऊ, भोपाल और कोयंबटूर जैसे शहरों में सबसे अधिक स्मार्टफोन की बिक्री हुई है।
34 शहरों पर शाओमी का कब्जा
अक्तूबर महीने में वेबसाइट्स से फोन की बिक्री में जहां 53 फीसदी का इजाफा देखने को मिला, वहीं रिटेल स्टोर से स्मार्टफोन की बिक्री में 33 फीसदी की बढ़ोतरी देखने को मिली है। ऑनलाइन सेल में देश के 50 प्रमुख शहरों में से 34 शहरों पर शाओमी ने कब्जा जमाया, जबकि ऑफलाइन मार्केट में अपनी पकड़ मजबूत करते हुए 44 शहरों में अपनी पैठ बनाने VIVO कामयाब रहा।