Samsung: 200 मेगापिक्सल सेंसर को कहें टाटा बाय, सैमसंग ला रहा है 440 मेगापिक्सल का कैमरा
Samsung ने 2020 में ही दावा किया था कि वह इंसान के आंखों के बराबर का सेंसर तैयार कर रहा है जो कि 500MP से 600MP के बीच हो सकता है। अब 440 मेगापिक्सल सेंसर की खबर ने इसकी पुष्टि की है।

विस्तार
स्मार्टफोन के लिए 200 मेगापिक्सल सेंसर पेश करने के बाद सैमसंग अब एक नई तैयारी में है। इस साल की शुरुआत में ही Samsung Galaxy S23 Ultra को 200 मेगापिक्सल कैमरे के साथ पेश किया गया है और अब खबर है कि सैमसंग 440 मेगापिक्सल का कैमरा सेंसर लॉन्च करने वाला है, हालांकि यह सेंसर फोन के लिए होगा या नहीं, इस संबंध में फिलहाल कोई जानकारी नहीं है।
एक्स पर एक यूजर ने दावा किया है कि Samsung चार नए कैमरा सेंसर पर काम कर रहा है जिनमें एक 50 मेगापिक्सल का ISOCELL GN6 सेंसर है जिसके साथ 1.6 माइक्रोन पिक्सल मिलता है। एक लेंस 200MP का HP7 सेंसर, एक 320MP और एक सेंसर 440MP HU1 होगा।
यूजर के दावे के मुताबिक सैमसंग फिलहाल 440MP HU1 सेंसर पर काम कर रहा है। फिलहाल इस बात की भी जानकारी नहीं है कि यह सेंसर मोबाइल के लिए होगा या किसी रेगुलर कैमरे के लिए होगा।