सैमसंग ने भारत में लांच किया गैलेक्सी टैब S4, मिलेगा एस पेन का सपोर्ट

टेक डेस्क, अमर उजाला
Thu, 18 Oct 2018 05:53 PM IST
Samsung India launches Galaxy Tab S4 with Dex and Refined S Pen, price and specifications
Samsung Galaxy Tab S4

    सैमसंग इंडिया ने आज अपने फ्लैगशिप टैबलेट, गैलेक्सी टैब S4 को भारत में लांच कर दिया है। गैलेक्सी टैब एस4 में सैमसंग डेक्स और एस पेन का सपोर्ट दिया गया है। सैमसंग गैलेक्सी टैब S4 को नई डिजाइन, सुपर एमोलेड डिस्प्ले, चार स्पीकर के साथ पेश किया गया है।

    गैलेक्सी टैब S4 की खासियतों की बात करें तो सैमसंग डेक्स कार्य परिस्थितियों के हिसाब से यूजर एक्सपीरियंस को ऑप्टिमाइज करता है। स्टैंडअलोन मोड में, आप बिना मॉनिटर या बुक कवर कीबोर्ड के भी एक कंप्यूटर जैसे इंटरफेस का आनंद उठा सकते हैं। डुअल मोड में, मल्टीटास्किंग बहुत आसान हो जाती है और आप अपने गैलेक्सी टैब S4 को एचडीएमआई अडैप्टर के साथ एक बड़े मॉनिटर से जोड़कर अपना काम कर सकते हैं। सैमसंग डेक्स डुअल मोड में आप फुल स्क्रीन व्यू में कई तरह की ऐप्स को इस्तेमाल कर सकते हैं।

    सैमसंग गैलेक्सी एस4 की स्पेसिफिकेशन

    इस टैब में एंड्रॉयड ओरियो 8.1 मिलेगा। इसके अलावा इसमें 10.5 इंच की WQXGA सुपर एमोलेड डिस्प्ले है जिसका रिजॉल्यूशन 2560x1600 पिक्सल और आस्पेक्ट रेशियो 16:10 है। इसके अलावा गैलेक्सी एस4 में क्वॉलकॉम का स्नैपड्रैगन 835 प्रोसेसर, 4 जीबी रैम और 64 जीबी की स्टोरेज है जिसे 400 जीबी तक बढ़ाया जा सकता है। टैब के कैमरे की बात करें तो इसमें 13 मेगापिक्सल का रियर कैमरा है और 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा है। दोनों कैमरे के साथ f/1.9 अपर्चर दिया गया है। कनेक्टिविटी के लिए इसमें वाई-फाई, ब्लूटूथ v5.0, जीपीएस और यूएसबी टाइप-सी चार्जिंग मिलेगी।

    ये भी पढ़ेंः रिव्यू: क्या वाकई 'पावर हाउस' है सैमसंग का 10.5 इंच की डिस्प्ले वाला गैलेक्सी टैब ए ?

    सैमसंग डेक्स के साथ आप गैलेक्सी टैब S4 पर सीधे एंड्रॉयड ऐप्स की मल्टिपल डेस्कटॉप-स्टाइल विंडोज खोल सकते हैं, जिसमें माइक्रोसॉफ्ट ऑफिस सूट शामिल है, साथ ही जरूरत पड़ने पर इन्हें री-साइज भी कर सकते हैं। ऐप्स के बीच कंटेंट को ड्रैग और ड्रॉप किया जा सकता है। गैलेक्सी टैब S4 में 7300 एमएएच की बैटरी है जिसे लेकर कंपनी ने 16 घंटे के वीडियो प्लेबैक का दावा किया है। इसके अलावा, सैमसंग के डिफेंस-ग्रेड मोबाइल सुरक्षा प्लेटफॉर्म, सैमसंग नॉक्स के साथ उपभोक्ता और कंपनियां यह सुनिश्चित कर सकते हैं कि डिवाइस के विभिन्न स्तरों पर महत्वपूर्ण जानकारी को सुरक्षित रखा जाए। इस टैब के साथ सैमसंग का एस पेन एस4 भी फ्री में मिलेगा जिसकी मदद से आप हैंडराइटिंग अनुभव ले सकते हैं।

    उपलब्धता और ऑफर्स

    गैलेक्सी टैब S4 को 57,900 रुपये की कीमत पर लांच किया गया है और यह 18 अक्टूबर, 2018 से ब्लैक और ग्रे कलर में सैमसंग ऑनलाइन शॉप, प्रमुख ऑफलाइन रिटेल स्टोर्स पर उपलब्ध होगा। यह ऑनलाइन एक्सक्लूसिव पार्टनर अमेजन पर भी 20 अक्टूबर, 2018 से बिक्री के लिए उपलब्ध होगा। इंट्रोडक्टरी ऑफर के तहत, आप एचडीएफसी बैंक क्रेडिट कार्ड के जरिये इस डिवाइस को खरीदने पर 5,000 रुपये का कैशबैक पा सकते हैं। इसके अलावा एचडीएफसी बैंक डेबिट कार्ड और कंज्यूमर ड्यूरेबल लोन पर ईएमआई का ऑप्शन भी दिया जा रहा है। गैलेक्सी टैब S4 पर जियो 4G के उपभोक्ताओं को 2750 रुपये का इंस्टेंट कैशबैक मिलेगा, जिसके लिए उन्हें 198 रुपये या 299 रुपये के प्लान से रिचार्ज करना होगा।

    और पढ़ें...