Samsung Galaxy S23 Review: क्या पैसा वसूल है सैमसंग का छोटा पैकेट-बड़ा धमाका फोन? यहां मिलेगा हर सवाल का जवाब
यदि आप भी Samsung Galaxy S23 को खरीदने के बारे में सोच रहे हैं तो यह रिपोर्ट आपके लिए है। इस रिव्यू रिपोर्ट में हम आपको Samsung Galaxy S23 के बारे में सभी मुख्य जानकारी देने वाले हैं।

विस्तार
सैमसंग ने फरवरी में अपने फ्लैगशिप गैलेक्सी एस 23 स्मार्टफोन को भारत में लॉन्च किया है। पिछले साल की तरह ही नए गैलेक्सी S23 को कॉम्पैक्ट डिजाइन और 6.1 इंच की स्क्रीन के साथ पेश किया गया। हालांकि, फोन को पहले से ज्यादा 1750 निट्स की ब्राइटनेस और सबसे फास्ट एंड्रॉयड प्रोसेसर स्नैपड्रैगन 8 जेन 2 से लैस किया गया जिसे इस फोन के लिए खासतौर पर कस्टमाइज किया गया है। फोन की शुरुआती कीमत 74,999 है और इसे अमेजन इंडिया और कंपनी की ऑफिशियल साइट से खरीदा जा सकता है। फोन में पहले के मुकाबले बड़ी बैटरी मिलती है। साथ ही इसमें बढ़िया कैमरा सेटअप भी मिलता है। फोन को आईफोन 14 के अल्टरनेटिव ऑप्शन के रूप में भी देखा जा रहा है। ऐसे में S23 का रिव्यू और भी खास हो जाता है। यदि आप भी इस फोन को खरीदने के बारे में सोच रहे हैं तो यह रिपोर्ट आपके लिए है। इस रिव्यू रिपोर्ट में हम आपको Samsung Galaxy S23 के बारे में सभी मुख्य जानकारी देने वाले हैं। चलिए जानते हैं।
Samsung Galaxy S23 Review: डिजाइन

Samsung Galaxy S23 के साथ प्रीमियम डिजाइन मिलता है। फोन को हाथ में पकड़ने पर आपको आईफोन वाला फील आता है। इसका साइज भी आईफोन 14 की तरह ही लगता है। सैमसंग गैलेक्सी S23 में आर्मर एल्यूमिनियम फ्रेम मिलता है, जिसमें ग्लॉसी फिनिश है। फोन की बिल्ड क्वालिटी काफी बढ़िया है। बिल्ड के मामले में आपको कोई दिक्कत नहीं मिलने वाली है। फोन में स्क्रैच और फिंगरप्रिंट भी आसानी से नहीं आते हैं। हालांकि, फोन हाथ से काफी फिसलता है। फोन का साइज कॉम्पैक्ट है तो आप एक हाथ से भी इसको इस्तेमाल कर सकते हैं।
बटन्स और पोर्ट की बात करें तो फोन में पावर बटन और वॉल्यूम रॉकर राइट साइड मिलते हैं। फोन में नीचे की तरफ डुअल सिम स्लॉट, यूएसबी टाइप-सी पोर्ट और स्पीकर ग्रिल हैं। फोन में एक माइक्रोफोन नीचे की तरफ और दूसरा माइक्रोफोन ऊपर की तरफ दिया गया है। बटन के मामले में एक अच्छी बात यह है कि नए फोन में तीनों बटन को ठीक जगह पर सेट किया गया है। यानी वॉल्यूम कम-ज्यादा करने और पावर बटन को इस्तेमाल करने में दिक्कत नहीं आती है। पुराने मॉडल में यह तीनों बटन थोड़ी नीचे की तरफ दी गई थीं। वहीं सैमसंग गैलेक्सी S23 के कैमरा मॉड्यूल में भी थोड़ा बदलाव किया गया है।
Samsung Galaxy S23 Review: डिस्प्ले

नए गैलेक्सी एस 23 में 6.1 इंच की फुल एचडी प्लस इनफिनिटी-ओ सुपर एमोलेड डिस्प्ले मिलता है, जो (1080×2340 पिक्सल) रिजॉल्यूशन, 425 पीटीआई, 20:9 आस्पेक्ट रेशियो के साथ आता है। डिस्प्ले का रिफ्रेश रेट 120Hz है। डिस्प्ले के साथ 1750 निट्स की पीक ब्राइटनेस मिलता है। डिस्प्ले के साथ HDR10+ का भी सपोर्ट है।
फोन के साथ 'आई कम्फर्ट शील्ड' का सपोर्ट दिया गया है, जो ब्लू लाइट को फिल्टर करता है। एन्हांस्ड कम्फर्ट फीचर से आई कम्फर्ट शील्ड को ऑन करने के बाद फोन अपने आप डिस्प्ले को एडजस्ट करता रहता है, जिससे मुख्य रूप से रात के समय आंखों पर तनाव कम पड़ता है।
डिस्प्ले के साथ एडेप्टिव विजन बूस्टर है जो कि बेहतर डिस्प्ले क्वालिटी के लिए है। स्क्रीन के साथ कॉर्निंग गोरिल्ला ग्लास विक्टस 2 का प्रोटेक्शन भी है। वहीं फोन में काफी कम बेजल्स देखने मिलते हैं। फोन में सिक्योरिटी के लिए क्वालकॉम का इन-डिस्प्ले अल्ट्रासोनिक फिंगरप्रिंट स्कैनर है। कुल मिलाकर फोन का डिस्प्ले काफी बढ़िया है। और यह काफी ज्यादा ब्राइट है, इसलिए धूप में भी फोन को इस्तेमाल करने में दिक्कत नहीं होती है।