5 अप्रैल को लॉन्च होगा सैमसंग का पहला 5जी स्मार्टफोन गैलेक्सी एस10

सैमसंग ने अपने पहले 5जी स्मार्टफोन की लॉन्चिंग की घोषणा कर दी है। सैमसंग ने कहा है कि वह अपना पहला 5जी स्मार्टफोन अप्रैल के पहले सप्ताह में 5 अप्रैल को लॉन्च करेगी, हालांकि 5जी सपोर्ट वाला सैमसंग गैलेक्सी एस10 5 अप्रैल को सिर्फ दक्षिण कोरिया में ही लॉन्च हो रहा है। अन्य देशों में इसकी लॉन्चिंग की अभी कोई खबर नहीं है। फोन की बिक्री भी 5 अप्रैल से ही शुरू हो जाएगी।
वैसे तो सैमसंग ने गैलेक्सी एस10 5जी की कीमत का खुलासा नहीं किया है लेकिन उम्मीद की जा रही है कि इस फोन की कीमत 1,332 डॉलर यानि करीब 91,300 रुपये होगी। वहीं दक्षिण कोरिया के एक रेडियो चैनल ने जानकारी दी है कि सैमसंग के 5जी सपोर्ट वाले गैलेक्सी एस10 को सिग्नल वेरिफिकेशन भी मिल गया है और दक्षिण कोरिया में इसकी लॉन्चिंग की अनुमति मिल गई है। दक्षिण कोरिया में तीन टेलीकॉम कंपनियां सैमसंग के इस फोन के लिए 5जी नेटवर्क पर काम कर रही हैं।

गौरतलब है कि अमेरिकी कंपनी ने वेरिजॉन भी 11 अप्रैल को अपना पहला 5जी स्मार्टफोन मोटोरोला के साथ मिलकर लॉन्च कर रही है। मोटोरोला मोटो जेड3 को 5जी सपोर्ट के साथ पेश किया जाएगा। बता दें कि सैमसंग गैलेक्सी एस10 5जी की पहली झलक पिछले महीने सैमसंग के इवेंट अनपैक्ड में देखने को मिली थी। इस इवेंट में सैमसंग ने गैलेक्सी एस10, गैलेक्सी एस10 प्लस और गैलेक्सी एस10ई को लॉन्च किया था।
सैमसंग गैलेक्सी एस10 5जी की स्पेसिफिकेशन
इस फोन की स्पेसिफिकेशन की बात करें तो इसमें 6.7 इंच की क्वॉडएचडी प्लस एमोलेड डिस्प्ले है। इसमें क्वॉड कैमरा सेटअप है। इसमें गैलेक्सी एस10 प्लस की तरह ही रियर कैमरा सेटअप है लेकिन एक 3डी डेफ्ट कैमरा अलग से दिया गया है। इसमें एक लेंस 12 मेगापिक्सल का 77 डिग्री एंगल वाला, दूसरा 12 मेगापिक्सल का 45 डिग्री एंगल वाला और तीसरा 16 मेगापिक्सल का 123 डिग्री एंगल वाला है। इसके साथ आपको 10एक्स जूम भी मिलेगा। इस फोन में सेल्फी के लिए 10 मेगापिक्सल का डुअल पिक्सल कैमरा है।