Samsung Galaxy M10s Review : क्या वाकई फुल पैसा वसूल है शानदार डिजाइन वाला यह सस्ता फोन?

तकनीक के इस दौर में सभी कंपनियां बाजार में बजट सेगमेंट के अंदर खास फीचर्स के साथ ऐसे स्मार्टफोन पेश कर रही हैं, जिनमें यूजर्स को दमदार फीचर्स मिले हैं। इतना ही नहीं इन फोन्स ने प्रीमियम डिवाइसेज को भी कड़ी चुनौती दी हैं। साथ ही किफायती कीमत वाले फोन्स की मांग भी तेजी से बढ़ी हैं।
तो इस मांग को ध्यान में रखते हुए कोरिया की स्मार्टफोन निर्माता कंपनी सैमसंग ने सितंबर में गैलेक्सी एम10 एस (Samsung Galaxy M10s) को लॉन्च किया था। वहीं, कंपनी ने इस फोन में डुअल रियर कैमरा और एचडी डिस्प्ले दिया है। आज हम आपके लिए एम10 एस का रिव्यू लेकर आए हैं, जिससे आप जान सकेंगे कि क्या यह फोन खरीदने लायक है या नहीं...
सैमसंग गैलेक्सी एम10 एस की कीमत और उपलब्धता

कंपनी ने गैलेक्सी एम10एस को 8,999 रुपये के प्राइस टैग के साथ बाजार में पेश किया है। यह फोन ब्लैक और ब्लू कलर ऑप्शन के साथ ऑनलाइन स्टोर पर सेल के लिए उपलब्ध है।
सैमसंग गैलेक्सी एम10 एस का डिजाइन, बॉडी और डिस्प्ले

वहीं, दूसरी तरफ कंपनी ने इस फोन में 6.4 इंच का सुपर एमोलेड इंफिनिटी वी डिस्प्ले दिया है, जिसका रिजॉल्यूशन 720 x 1,560 पिक्सल है। इस फोन का डिस्प्ले एचडी प्लस होने से वीडियो देखने और गेम खेलने का मजा दोगुना हो जाता है। साथ ही आपको इसमें नाइड मोड मिलेगा। इसके अलावा आप फोन की सेटिंग में जाकर फोन के आइकन्स को अपने हिसाब से एडजस्ट कर सकते हैं।
इस फोन के डिजाइन की बात करें तो कंपनी ने इसमें वी-डिस्प्ले में नॉच दिया है, जो इसको आकर्षक बनाता है। साथ ही इस फोन का साइज कॉम्पैक्ट है, जिस वजह से इसको पकड़ने में आसानी होती है। गैलेक्सी एम10 एस की बॉडी वैसे तो प्लास्टिक की बनी है, लेकिन यह ग्लास फिनिश का लुक देती है। इतना ही नहीं यह फिनिश लुक ही यूजर को प्रीमियम फोन का अहसास दिलाता है।
सैमसंग ने इस फोन के बैक पैनल में डुअल कैमरा सेटअप के साथ एलईडी फ्लैश लाइट दी है। साथ ही फोन के सुरक्षा के लिए फिंगरप्रिंट सेंसर भी दिया गया है। इसके अलावा आपको इसमें फ्रंट कैमरा के साथ फेस अनलॉक फीचर भी मिलेगा। जैसा कि हमने देखा है कि बहुत कम किफायती कीमत वाले फोन में फेस रिकॉग्निशन फीचर मौजूद हैं।
सैमसंग गैलेक्सी एम10 एस का कैमरा

सैमसंग ने इस फोन में डुअल रियर कैमरा सेटअप दिया है, जिसमें 13 मेगापिक्सल वाला सेंसर और 5 मेगापिक्सल वाला अल्ट्रा वाइड एंगल लेंस है। इसके साथ ही यूजर्स को इस फोन के फ्रंट में 8 मेगापिक्सल का कैमरा मिला है। कैमरा फीचर्स की बात करें तो आप इस फोन में अपने हिसाब से वीडियो रिकॉर्डिंग के लिए फ्रेम सेट कर सकते हैं। इतना ही नहीं आपको इसमें लोकेशन टैग और Efficiency मोड का सपोर्ट मिलेगा।

गैलेक्सी एम10 एस का कैमरा परफॉर्मेंस औसत है, क्योंकि रात्रि के समय जब आप फोटो क्लिक करेंगे, तो तस्वीर क्लियर नहीं आएगी। वहीं, दूसरी तरफ जब आप दिन में फोटो क्लिक करेंगे, तो तस्वीर बहुत साफ आएगी। वहीं, इस कैमरे की खास बात यह है कि फोटो में किसी तरह का न्वाइज नहीं आती है।
आपको इस फोन के कैमरा में लाइव फोकस, प्रो और पैनोरमा जैसे फीचर्स मिलेंगे। गैलेक्सी एम10 एस का लाइव फोकस फीचर कमाल का है, क्योंकि आप इसमें बैकग्राउंड को ब्लर कर अपने हिसाब से फोटो क्लिक कर सकेंगे। दूसरी तरफ आपको प्रो फीचर में आईएसओ कलर सेट करने का विकल्प मिलेगा, जिससे आप अपनी लोकेशन पर शानदार तस्वीर क्लिक कर पाएंगे। यह एक तरह से मैनुअल मोड है।

जैसा की आम तौर पर प्रोफैशनल फोटोग्राफी में होता है। फ्रंट कैमरा की बात करें तो कंपनी ने इसमें केवल लाइव फोकस और साधारण फोटो क्लिक करने का ऑप्शन दिया है, लेकिन वीडियो कॉलिंग करते समय फोटो क्लियर नहीं आती है।।
सैमसंग गैलेक्सी एम10 एस की परफॉर्मेंस

कंपनी ने गैलेक्सी एम10 एस मेें बेहतर परफॉर्मेंस के लिए ऑक्टा कोर एक्सिनॉस 7884बी प्रोसेसर दिया है, जिसकी स्पीड 1.6 गीगाहर्ट्ज है। साथ ही यह फोन एंड्रॉयड 9.0 पाई ऑपरेटिंग सिस्टम पर काम करता है। इसके अलावा आपको इस फोन में 3 जीबी रैम और 32 जीबी की इंटरनल स्टोरेज मिलेगी।
आपको इस फोन में गेम खेलने से लेकर वीडियो देखने तक में किसी तरह की रूकावट नहीं होगी, लेकिन जैसा कि हमने देखा है कि कॉल आने पर इस फोन की स्क्रीन कुछ समय के लिए ब्लैंक हो जाती है, जो आपको थोड़ा निराश कर सकती है। दूसरे शब्दों में कहें तो कॉल आने पर ़डिस्प्ले कुछ देर बाद ऑन होता है।
इतना ही नहीं एम10एस का प्रोक्सिमिटी सेंसर भी ठीक से काम नहीं करता है। जब आप इस फोन से बात कर रहे होते हैं तब भी स्क्रीन की लाइट ऑफ नहीं होती है, लेकिन जोर डालने के बाद जाकर यह सेंसर सही तरीके से काम करता है। इससे कानों पर दबाव पड़ता है।
आपको इस फोन में बेहतर साउंड क्वॉलिटी मिलेगी, जिससे आपको वीडियो देखने में आनंद आएगा। इसके अलावा आप इयरफोन का इस्तेमाल करेंगे, तो आपको इसमें डॉल्बी एटमॉस का फीचर मिलेगा। इस फीचर से आप ज्यादा शोर में भी अपना गाना एंजॉय कर पाएंगे।
सैमसंग गैलेक्सी एम10 एस की बैटरी और कनेक्टिविटी

सैमसंग ने इस फोन में 4,000 एमएएच की बैटरी दी है, जो 15W फास्ट चार्जिंग फीचर को सपोर्ट करती है। बैटरी बैकअप की बात करें तो यह फोन सिंगल चार्ज में लगातार डेढ़ दिन तक काम करता है। अगर आप इस फोन को ज्यादा इस्तेमाल करेंगे, तो आपको शायद ही इसे दिन में एक या दो बार चार्ज करना पड़ सकता है। वहीं, इस फोन को चार्ज होने में करीब दो घंटे का वक्त लगता है। दूसरी तरफ कंपनी ने कनेक्टिविटी के लिहाज से इस फोन में 4G VoLTE, वाई-फाई, जीपीएस और यूएसबी टाइप-सी पोर्ट जैसे फीचर्स दिए हैं।
तो क्या खरीदने लायक है यह फोन?

अगर आप भी अपने लिए 10 हजार रुपये से कम कीमत वाला स्मार्टफोन खरीदने का विचार कर रहे है, तो आप सैमसंग एम10 एस का चयन कर सकते हैं। आपको इस फोन एचडी डिस्प्ले, बेहतर साउंड सपोर्ट, दमदार प्रोसेसर और डुअल रियर कैमरा मिलेगा। हमारे हिसाब से सैमसंग एम10 एस कम बजट वाले यूजर्स के लिए परफेक्ट फोन है। इसके साथ आपको एक ब्रॉंड वैल्यू भी मिल रही है।