सैमसंग गैलेक्सी ए10, एम20 आज भारत में होंगे लांच, कीमत हो सकती है 8,000 रुपये से कम

सैमसंग के गैलेक्सी एम सीरीज के स्मार्टफोन आज यानि 28 जनवरी को भारत में शाम 6 बजे लांच होने वाले हैं। सैमसंग गैलेक्सी एम10 और सैमसंग गैलेक्सी एम20 आज भारत में पहली बार लांच होंगे। दूसरे शब्दों में कहें तो सैमसंग ने एम सीरीज के स्मार्टफोन के लिए भारत को लांचिंग पैड बनाया है।
वहीं लांचिंग से पहले सैमसंग Galaxy M10 और Galaxy M20 की कीमत का खुलासा हो गया है। समाचार एजेंसी की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि सैमसंग गैलेक्सी एम10 की शुरुआती कीमत 7,990 रुपये होगी।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक सैमसंग गैलेक्सी एम10 के 2 जीबी रैम व 16 जीबी स्टोरेज वेरियंट की कीमत 7,990 रुपये और 3 जीबी रैम के साथ 32 जीबी स्टोरेज वेरियंट की कीमत 8,990 रुपये होगी।
वहीं सैमसंग गैलेक्सी एम20 के 3 जीबी रैम व 32 जीबी स्टोरेज वेरियंट की कीमत 10,990 रुपये और 4 जीबी रैम के साथ 64 जीबी स्टोरेज वेरियंट की कीमत 12,990 रुपये होगी। वैसे वास्तव में दोनों फोन की कीमत लीक रिपोर्ट के मुताबिक होती है तो भारतीय मोबाइल बाजार में शाओमी को कड़ी टक्कर मिलने वाली है।
सैमसंग गैलेक्सी एम10 और एम20 की खासियतों की बात करें तो कंपनी ने इसमें इनफिनिटी वी डिस्प्ले दिया गया है जो कि वाटरड्रॉप नॉच की तरह है। वहीं कई रिपोर्ट्स की मानें तो सैमसंग गैलेक्सी एम20 में 5000 एमएएच की बैटरी मिलेगी और दोनों फोन में डुअल रियर कैमरा मिलेगा। बता दें कि सैमसंग गैलेक्सी एम10 और एम20 की बिक्री अमेजॉन इंडिया से 5 फरवरी से होगी।