दिल्ली-इंदौर फ्लाइट में सैमसंग गैलेक्सी J7 स्मार्टफोन में लगी आग, बाल-बाल बचे 120 यात्री

दक्षिण कोरिया की स्मार्टफोन मेकर कंपनी सैमसंग के एक और स्मार्टफोन ने आग पकड़ ली। यह हादसा दिल्ली-इंदौर की फ्लाइट में हुआ। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली-इंदौर की जेट एयरवेज फ्लाइट में बीते शुक्रवार सैमसंग के स्मार्टफोन में आग लग गई। इससे विमान में सवार लोग घबरा गए। जेट एयरवेज के इस प्लेन में 120 यात्री सवार थे, जिन्हें सुरक्षित पहुंचा दिया गया।
पढ़ें: जम्मू-कश्मीर में फटा Jio Phone, कंपनी ने कहा- साजिश है
ऑनलाइन रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह स्मार्टफोन सैमसंग J7 था जो दिल्ली की रहने वाली अर्पिता धाल का था। हिन्दुस्तान टाइम्स के मुताबिक, अर्पिता ने बताया कि हादसे के समय फोन उनके बैग में था और बैग सीट के भीतर रखा हुआ था। प्लेन टेक ऑफ होने के 15 मिनट बाद ही बैग से धुंआ उठने लगा था। अर्पिता के पति ने कहा, "हम सब घबरा गए थे और भगवान से प्रर्थना करने लगे थे।"
पहले भी सामने आईं ये घटनाएं

मामला उस समय और बिगड़ गया जब अग्निशमक यन्त्र ने काम नहीं किया। हालांकि तुंरत ही यात्रियों को दूसरे प्लेन में बैठा दिया गया। हैंडसेट को फटने से बचाने के लिए इसे पानी में डालना पड़ा। जेट एयरवेज के प्रवक्ता ने बताया कि विमान के क्रू मेंबर ने समय रहते परिस्थिति पर काबू पा लिया।
बता दें कि इससे पहले सैमसंग के ही गैलेक्सी नोट 7 में आग लगने की कई घटनाएं सामने आई थीं। विमानन कंपनियों ने इस फोन को प्लेन में बैन कर दिया था। बाद में स्थिति यह बन गई थी कि कंपनी को यह फोन बंद करना पड़ा। इसके अलावा इसी महीने की शुरुआत में इंडोनेशिया में भी सैमसंग का ही एक स्मार्टफोन फट गया था।