Samsung Galaxy J6 का रिव्यू: क्या खरीदने लायक है इनफिनिटी डिस्प्ले वाला यह फोन?

सैमसंग ने भारत में अपना नया Samsung Galaxy J6 को लॉन्च किया है। इस फोन की सबसे बड़ी खासियत इसमें दी गई इनफिनिटी डिस्प्ले और इसकी शानदार डिजाइन है। फोन का लुक काफी बेहतरीन है जो पहली नजर में आपको दीवाना बना सकता है। सैमसंग इससे पहले प्रीमियम स्मार्टफोन में सुपर एमोलेड इनफिनिटी डिस्प्ले देता था लेकिन इस बार कंपनी ने 13,990 रुपये वाले सैमसंग गैलेक्सी जे6 में इनफिनिटी डिस्प्ले दिया है। इस फोन का हमने रिव्यू किया है। रिव्यू के लिए हमें 3 जीबी रैम व 32 जीबी स्टोरेज वाला वेरियंट मिला था। तो आइए देखते हैं सैमसंग गैलेक्सी जे6 में क्या है खास और यह स्मार्टफोन बाजार में मौजूद स्मार्टफोन का मुकाबला कहां तक कर पाएगा?
डिजाइन और डिस्प्ले
सबसे पहले फोन की बॉडी की बात करें यह है तो पॉलीकार्बोनेट की है लेकिन हाथ में लेने पर मेटल का फील देता है। यूजर्स को फोन का डिजाइन और स्लिम बॉडी काफी पसंद आएगी। पॉलीकार्बोनेट बॉडी होने के बावजूद कई बार फोन की बॉडी पर हाथ के निशान नजर आते हैं। सैमसंग गैलेक्सी जे6 में 5.6 इंच की सुपर एमोलेड एचडी डिस्प्ले दी गई है जिसका आस्पेक्ट रेशियो 18.5:9 है। रिव्यू के दौरान फोन पर वीडियो देखना काफी मजेदार रहा। यूट्यूब के वीडियो को आप पिंच करके जूम भी कर सकते हैं जो कि मार्केट में इस सेगमेंट में मौजूद अधिकतर स्मार्टफोन में आपको नहीं मिलेगा। फोन में फिजिकल होम बटन नहीं दिया गया है। होम बटन के लिए आपको ऊपर की ओर स्वैप करना होगा।

डिस्प्ले में रंगों का कॉम्बिनेशन शानदार है जिसके कारण वीडियो और फोटो वास्तिवक कलर के साथ नजर आते हैं। कड़ी में धूप में डिस्प्ले देखने में हमें कोई परेशानी नहीं हुई। फोन की बॉडी भी काफी मजबूत लग रही है। फोन के दायीं ओर में ऊपर की ओर पावर बटन है और इसके ठीक ऊपर स्पीकर दिया गया है। वहीं बायीं ओर वॉल्यूम अप व डाउन के लिए दो बटन तथा सिम कार्ड और मेमोरी कार्ड के लिए दो स्लॉट दिए गए हैं। एक स्लॉट में आप एक सिम तथा दूसरे स्लॉट में आप एक सिम के साथ मेमोरी कार्ड इस्तेमाल कर सकते हैं। कुल मिलाकर आप दो सिम के साथ एक मेमोरी कार्ड इस्तेमाल कर सकेंगे। फोन में नैनो सिम कार्ड का इस्तेमाल होगा।
इसके अलावा फोन के रियर पैनल पर 13 मेगापिक्सल का सिंगल रियर कैमरा है जो कि फ्लैश लाइट के साथ आता है। फ्लैश लाइट कैमरे के दायीं ओर है। कैमरे के ठीक नीचे फिंगरप्रिंट सेंसर है जो कि आयताकार रूप में है। फिंगरप्रिंट स्पेस थोड़ी छोटी होने के कारण कई बार आपको दिक्कत हो सकती है हालांकि फिंगरप्रिंट सेंसर काफी तेजी से काम करता है। फोन के नीचे की ओर माइक्रो यूएसबी पोर्ट व हेडफोन जैक दिए गए हैं। फोन काफी हल्का है और इसके बॉक्स में आपको 1.5 एम्पियर का चार्जर, यूएसबी केबल, सिम कार्ड इजेक्टर, यूजर मैनुअल और इयरफोन मिलता है। फोन के साथ सैमसंग का वही पुराना वाला इयरफोन मिलेगा।
सैमसंग गैलेक्सी जे6 की स्पेसिफिकेशन
इस फोन में सैमसंग का इनहाउस ऑक्टाकोर एक्सीनोस 7870 प्रोसेसर का इस्तेमाल हुआ है और यह फोन में 3 जीबी रैम के साथ 32 जीबी स्टोरेज तथा 4 जीबी रैम के साथ 64 जीबी स्टोरेज वेरियंट में आता है। फोन की इनटरनल स्टोरेज को 256 जीबी तक बढ़ाया जा सकेगा। फोन में आउट ऑफ बॉक्स एंड्रॉयड ओरियो 8.0 मिलता है। इसके अलावा इस फोन में आपको सैमसंग पे मिनी, सैमसंग मॉल, एस बाइक मोड, सैमसंग मैक्स, गैलेक्सी ऐप्स जैसे कई ऐप्स हैं। फोन में आपको गूगल और माइक्रोसॉफ्ट के जीमेल, क्रोम, लिंक्डइन और एमएस ऑफिस जैसे ऐप भी प्री-लोडेड हैं। फोन में 3000 एमएएच की बैटरी जो फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट नहीं करती है। फोन को फुल चार्ज होने में 2 घंटे से ज्यादा का समय लगता है जो कि ठीक नहीं है। ग्राफिक्स के लिए आपको मिलता है ARM Mali T830 MP1 जीपीयू।
फोन के कैमरे की बात करें तो इसमें 13 मेगापिक्सल का रियर कैमरा है और 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा है। कैमरे के साथ आपको एचडीआर, नाइट मोड, पैनोरमा, प्रो, ब्यूटी, ऑटो स्टीकर्स और कन्टिन्यूअस शॉट जैसे फीचर्स मिलेंगे। वहीं फ्रंट कैमरा 8 मेगापिक्सल का है जिसके साथ आपको सेल्फी फोकस, सेल्फी, स्टीकर्स और वाइड सेल्फी जैसे मोड मिलेंगे। फ्रंट कैमरे के साथ भी एलईडी फ्लैश लाइट मिलेगी। फोन में डुअल सिम सपोर्ट है जिसमें एक सिम 4जी वीओएलटीई और दूसरा एलटीई सपोर्ट वाला है।
सैमसंग गैलेक्सी जे6 की परफॉर्मेंस, कैमरा क्वालिटी और बैटरी बैकअप
सैमसंग गैलेक्सी जे6 के रिव्यू के दौरान इस फोन में कई सारी चीजें हमें अच्छी लगीं। जैसे- इस फोन में एक फीचर है जिसका नाम चैट ओवर वीडियो है। चैट ओवर वीडियो फीचर की मदद से आप वीडियो देखने के दौरान भी मैसेजिंग और व्हाट्सऐप पर चैटिंग कर सकेंगे। उदाहरण के तौर पर अगर आप यूट्यूब पर वीडियो देख रहे हैं और उसी दौरान किसी ने आपको मैसेज कर दिया तो एक पॉप अप विंडो आपकी स्क्रीन पर दिखेगी जिसका बैकग्राउंड पारदर्शी होगा। ऐसे में आपको वीडियो भी दिखेगा और आप चैटिंग भी कर सकेंगे। डिस्प्ले का टच काफी स्मूथ है।


गेम खेलने के दौरान फोन गर्म नहीं हुआ, हालांकि चार्जिंग के दौरान चार्जर गर्म जरूर हुआ। फोन की चार्जिंग में 2 घंटे से ज्यादा का वक्त लगता है। फोन की बैटरी जमकर वीडियो देखने, इंटरनेट चलाने और गेम खेलने पर 12 घंटे चलती है। यानि अगर आपने फोन को सोने के दौरान रात में चार्ज किया है तो पूरे दिन इस्तेमाल के बाद आपको रात में ही चार्ज करने की जरूरत होगी। वहीं दिनभर इंटरनेट ऑन होने और थोड़़ा बहुत गाना सुनने, वीडियो देखने के बाद फोन की बैटरी दो दिन आराम से चलेगी। गेमिंग के दौरान फोन गर्म नहीं हुआ। कॉलिंग और साउंड क्वालिटी शानदार है। बिना कवर फोन को इस्तेमाल करना मुश्किल है क्योंकि फोन हाथ से फिसलता बहुत है।
जहां तक फोन के कैमरे के परफॉर्मेंस की बात है तो रियर में 13 मेगापिक्सल का कैमरा है जो अच्छी रौशनी में शानदार और क्लियर फोटो क्लिक करता है, लेकिन कम रौशनी में फोटो उतनी क्लियर नहीं आती है जितनी आनी चाहिए। रियर कैमरे में बैकग्राउंड को ब्लर करने वाला बोकेह इफेक्ट नहीं दिया गया है। रियर कैमरे का जूम लेवल भी शानदार तो नहीं लेकिन ठीक-ठाक है। कुल मिलाकर कहें तो कम रौशनी और इनडोर रौशनी में रियर कैमरे का परफॉर्मेंस आपको निराश कर सकता है।
रियर कैमरे से ली गई तस्वीरें

4ंंX जूम के बाद (नीचे)

रियर कैमरे से रात में ली गई तस्वीर (नीचे)

फ्रंट कैमरे की बात करें तो इसमें 8 मेगापिक्सल का कैमरा है जो कि शानदार है। फ्रंट कैमरे से आप बैकग्राउंड ब्लर के साथ पोट्रेट फोटो क्लिक कर सकते हैं। फ्रंट कैमरे के साथ रात में भी अच्छी सेल्फी क्लिक की जा सकती है। रियर और फ्रंट दोनों कैमरे के साथ एनिमिटेड स्टिकर्स मिलेंगे।
फ्रंट कैमरे से लई गई तस्वीरें

फ्रंट कैमरे से रात में ली गई फोटो

फ्रंट कैमरे से बैकग्राउंड ब्लर के साथ ली गई फोटो

फोन में फेस अनलॉक फीचर दिया गया है जो कि काफी शानदार है। कम रौशनी में भी फेस अनलॉक काम करता है हालांकि थोड़ा स्लो होता है लेकिन रौशनी में तेजी से काम करता है। फेस अनलॉक फोन की डिस्प्ले की रौशनी से भी काम करता है। वहीं रियर पैनल पर दिया गया फिंगरप्रिंट सेंसर काफी तेज है लेकिन फिंगर के लिए स्पेस कम होने के कारण कई बार दिक्कत हुई।
इसके अलावा फोन के अतिरिक्त फीचर्स की बात करें इसमें डुअल ऐप मैनेजर मिलेगा जिसकी मदद से आप फोन में दो व्हाट्सऐप या कोई भी दो ऐप चला सकेंगे। फोन में स्मार्ट थिंग्स नाम से एक ऐप है जिसकी मदद से आप फोन को स्मार्ट डिवाइस से कनेक्ट कर सकते हैं। इसके अलावा फोन में बैटरी मैनेजमेंट, डाटा मैनेजमेंट के लिए भी ऐप दिए गए हैं और इसमें कंपनी ने वर्चुअल असिस्टेंट के तौर पर BIXBY को दिया है।
क्या खरीदने लायक है सैमसंग गैलेक्सी जे6?
अगर आपको फोन की डिजाइन और लुक से प्यार है, साथ ही इसके लिए आप पैसे दे सकते हैं। तो इस फोन को आप खरीद सकते हैं। साथ ही अगर आप ब्रांड से समझौता नहीं कर सकते हैं तो आप इस फोन को खरीद सकते हैं। वहीं अगर आपको ब्रांड से कोई फर्क नहीं पड़ता है तो इस रेंज में मार्केट में कई सारे फोन हैं जिनकी ओर आप रुख कर सकते हैं।