सैमसंग ने पुराने स्मार्टफोन को बना दी मेडिकल डिवाइस, जानें काम करने का तरीका
2017 में सैमसंग ने गैलेक्सी डिवाइसेस का सकारात्मक उपयोग करने के लिए एक इनोवेटिव तरीका पेश करने के लिए गैलेक्सी अपसाइकलिंग प्रोग्राम की शुरुआत की।

विस्तार
सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स पूरी दुनिया में पिछड़े समुदायों के बीच नेत्र स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतर पहुंच को सुनिश्चित करने के लिए पुराने स्मार्टफोन को दोबारा उपयोगी बनाने का काम कर रही है। सैमसंग ने अनुपयोगी हो चुके गैलेक्सी स्मार्टफोन को अपसाइकल कर नेत्र रोग की जांच के लिए एक चिकित्सा उपकरण बनाने के लिए कोरिया में इंटरनेशनल एजेंसी फॉर दि प्रिवेंशन ऑफ ब्लाइंडनेस (आईएपीबी) और योनसेई यूनिवर्सिटी हेल्थ सिस्टम (वाईयूएचएस) के साथ भागीदारी की है। यह गैलेक्सी अपसाइकलिंग प्रोग्राम वैश्विक स्तर पर दृष्टि दोष से जुड़े लगभग 1 अरब मामलों में मदद कर रहा है, जिन्हें उचित निदान के साथ उपचारित किया सकता है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के मुताबिक, कम से कम 2.2 अरब लोगों को दृष्टि दोष की कोई न कोई बीमारी है और इनमें से लगभग आधे मामलों को ठीक कर दिया गया है या इनका अभी उपचार चल रहा है। नेत्र देखभाल सेवाओं की लागत और उपलब्धता के आधार पर दृष्टि हानि की व्यापकता में एक बड़ी असमानता है। एक अनुमान के मुताबिक उच्च आय वाले क्षेत्रों की तुलना में यह असमानता निम्न और मध्यम आय वाले क्षेत्रों में चार गुना अधिक हो सकती है।
सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स में मोबाइल कम्युनिकेशंस बिजनेस के सस्टैनेबिलिटी मैनेजमेंट ऑफिस के वाइस प्रेसिडेंट संग-कू किम ने कहा, “पूरी दुनिया में लोग मूलभूत स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंचने में बाधा का सामना कर रहे हैं, और हमनें स्मार्ट, इनोवेशन समाधान के लिए एक अवसर देखा, जो उत्पादों के पुन: उपयोग से अधिक टिकाऊ प्रैक्टिस को बढ़ावा देता है और ये हमारे समाज पर अधिक सकारात्मक प्रभाव डालते हैं।” “यह प्रोग्राम सैमसंग के इस भरोसे का प्रतीक है कि टेक्नोलॉजी लोगों के जीवन को समृद्ध बना सकती है और एक अधिक न्यायसंगत एवं टिकाऊ भविष्य के निर्माण में हमारी मदद कर सकती है।”

2017 में सैमसंग ने गैलेक्सी डिवाइसेस का सकारात्मक उपयोग करने के लिए एक इनोवेटिव तरीका पेश करने के लिए गैलेक्सी अपसाइकलिंग प्रोग्राम की शुरुआत की। इस प्रोग्राम के माध्यम से, एक पुराना गैलेक्सी स्मार्टफोन EYELIKE हैंडहेल्थ फंडस कैमरा का दिमाग बन सकता है, जो बेहतर फंडस निदान के लिए लेंस अटैचमेंट के साथ जुड़ता है, जबकि स्मार्टफोन का उपयोग तस्वीर खींचने के लिए किया जाता है। गैलेक्सी डिवाइस नेत्र रोगों के लिए तस्वीरों का विश्लेषण और निदान करने के लिए एक आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस एल्गोरिदम का उपयोग करता है और एक एप से कनेक्ट होता है, जो सटीक रूप से रोगी का डाटा कैप्चर करता है और एक वाणिज्यिक उपकरण की लागत के एक अंश मात्र पर उपचार का सुझाव देता है। ये अद्वितीय डायग्नोसिस कैमरा रोगियों की उन स्थितियों को जांच सकता है, जो नेत्रहीनता को जन्म दे सकती है, इसमें डायबिटिक रेटिनोपैथी, ग्लूकोमा और बढ़ती उम्र संबंधि समस्याएं भी शामिल हैं।
सैमसंग ने अपने पोर्टेबल रेटिना कैमरा के साथ वियतनाम में 19,000 से अधिक नागरिकों के जीवन और दृष्टि को लाभ पहुंचाने के लिए 2018 से आईएपीबी और योनसाई यूनिवर्सिटी हेल्थ सिस्टम के साथ भागीदारी की है। अकेले 2019 में, इसने वॉक-इन-क्लीनिक्स की अनुपस्थिति वाले देश के दूरस्थ इलाकों में काम कर रहे स्वास्थ्य पेशेवरों को 90 पोर्टेबल ऑप्थाल्मोस्कोप की आपूर्ति की है। सैमसंग ने इस प्रोग्राम का विस्तार अब भारत, मोरक्को और पपुआ न्यू गिनी में भी किया है। सैमसंग नए स्क्रीनिंग क्षेत्रों में भी अपनी क्षमताओं का विस्तार कर रहा है, जिसमें सर्वाइकल कैंसर की जांच के लिए स्मार्टफोन आधारित पोर्टेबल कोल्पोस्कोप बनाने के लिए अपसाइकल्ड गैलेक्सी डिवाइसेस का उपयोग करना और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य देखभाल तक महिलाओं की पहुंच को बेहतर बनाना शामिल है।